आसमान में छाये रहे बादल, चली तेज हवाएं
मदनगंज-किशनगढ़ | शहर में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली। अासमान में बादल छाये रहे। दिन भर तेज हवाएं चलने से हल्की सर्दी का अहसास बना रहा। मंगलवार को होली पर करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों तेज हवाएं और बारिश की संभावना बनी हुई है। सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहने से मौसम में ठंडक बनी रही। सुबह 9 बजे बाद से ही तेज हवाएं चलने से ठंड का अहसास बना रहा। बार बार मौसम में आ रहे बदलाव की वजह से मौसमी बीमारियों का प्रकोप भी बना हुआ है।