आठवीं अौर दसवीं की परीक्षाएं शुरू
हरमाड़ा-तिलोनिया. परीक्षा देकर आए विद्यार्थी पेपर को लेकर चर्चा करते।
किशनगढ़-हरमाड़ा-तिलोनिया| किशनगढ़ उपखंड में गुरुवार से आठवीं और दसवीं बोर्ड परीक्षाएं आरंभ हुई। आठवीं की परीक्षा दोपहर 2 से शाम 4.30 बजे और दसवीं की सुबह 8.30 से 11.30 बजे तक आयोजित की गई। दोनों परीक्षाएं शांतिपूर्ण संपन्न हुई। किशनगढ़ सीबीईओ कार्यालय के अधीन उपखंड में 52 परीक्षा केंद्रों पर 6 हजार 461 परीक्षार्थी आठवीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संबंधी तैयारियां एक दिन पहले पूरी कर ली गई थी। प्रश्न पत्रों को सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित थानों में रखा गया था। हरमाड़ा परीक्षा केंद्र के आठवीं बोर्ड परीक्षा प्रभारी श्याम सुंदर वैष्णव ने बताया कि हरमाड़ा परीक्षा केंद्र पर पहले दिन 6 स्कूलों के 124 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित दसवीं की परीक्षा में पहले दिन अंग्रेजी विषय का पेपर हुआ। हरमाड़ा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के बोर्ड परीक्षा प्रभारी कैलाश जाट ने बताया कि हरमाड़ा दसवीं बोर्ड परीक्षा केंद्र पर हरमाड़ा, नलू, काकनियावास,बुहारू,छोटा नरेना, तिलोनिया गांव के 10 स्कूलों के 320 विद्यार्थी दसवीं बोर्ड की परीक्षाएं दे रहे है। परीक्षा के पहले दिन 312 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि पहले दिन आठ परीक्षार्थी अनुपस्थित थे। दोनों पारियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।