सड़क को बनाया कचरा डिपो, लोगों ने किया विरोध
मदनगंज- किशनगढ़|नगर परिषद द्वारा सड़क पर कचरा डिपो बनाने का शुक्रवार को राजा रेडी क्षेत्र के लाेगाें ने विरोध किया। परिषद के ट्रैक्टर चालक और क्षेत्रवासियों में कहासुनी हुई। राजा रेडी क्षेत्र में सुबह परिषद का टेम्पाे सड़क पर कचरा डाल रहा था, जिसका क्षेत्रवासियों ने विरोध किया। उनका कहना था कि कचरे की वजह से उनका रहना दूभर हो गया है। इसके अलावा बीमारियां फैलने की संभावना भी बढ़ गई। कचरे के पास आवारा जानवरों का झुंड रहता है। आवारा जानवर कचरे को सड़क पर बिखेर देते है, जिसकी वजह से पैदल चलने में भी दिक्कत अाती है। इसको लेकर क्षेत्रवासियों की टेम्पाे चालक और सफाई कर्मचारी से कहासुनी भी हो गई। क्षेत्रवासियों ने परिषद के अफसरों को इसकी सूचना दी। परिषद ने लोगों के आक्रोश को देखते हुए टैक्टर भेज कर कचरा उठाया, तब जाकर मामला शांत हुआ। मालूम हो कि परिषद ने कचरा डिपो बना रखे है, लेकिन उनमें कचरा डालने के बजाए सड़क पर डाल देते है, जिसका खामियाजा लोगों को उठाना पड़ता है।