धारीवाल के कोष से मिले 55 लाख, जेकेलोन के लिए खरीदेंगे नए उपकरण; 2 सीएचसी को मिला स्टाफ
कोटा के जेकेलोन अस्पताल को उपकरणों के लिए 55 लाख रुपए और मिले हैं। यह राशि कोटा उत्तर विधायक व यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने अपने विधायक कोष से दी है। धारीवाल ने विधायक कोष से एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी, जिसमें से 55 लाख रुपए के उपकरण क्रय करने की जिला परिषद ने स्वीकृति दे दी। शेष 45 लाख रुपए अस्पताल के रिनोवेशन व मेंटीनेंस पर खर्च किए जाएंगे। अधीक्षक डॉ. एससी दुलारा ने बताया कि स्वीकृति मिलने के साथ ही 55 लाख रुपए के उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गौरतलब है कि जेकेलोन अस्पताल में नवजात बच्चों की मौत का मामला सुर्खियों में आने के बाद कोटा दौरे पर आए धारीवाल ने अपने विधायक कोष से 1 करोड़ रुपए देने की घाेषणा की थी।
कुन्हाड़ी व विज्ञान नगर सीएचसी में 14-14 कार्मिक लगाए : शहर की विज्ञान नगर और कुन्हाड़ी सीएचसी पर अब लोगों को पहले से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। सीएमएचओ डॉ. भूपेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि दोनों नए शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं, इनमें 14-14 नए स्टाफ की संविदा पर नियुक्ति की गई है। दोनों जगह 4-4 डॉक्टर लगाए गए हैं, इनमें फिजिशियन, गायनीकोलॉजिस्ट, पीडियाट्रिशियन व डेंटिस्ट शामिल हंै। गौरतलब है कि इस मामले में हाड़ौती विकास मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष राजेंद्र सांखला ने फरवरी में सीएमएचओ से स्टाफ नियुक्त करने और पूरी क्षमता से चलाने को कहा था।
बनाई तीन सदस्यीय कमेटी : प्रिंसिपल ने बताया कि मिट्टी के डंपरों की मॉनीटरिंग के लिए कॉलेज स्तर पर डॉ. राजेंद्र ताखर की अगुवाई में एक कमेटी बनाई गई है, इसमें ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड व लैब टेक्नीशियन महेंद्र पंचोली शामिल रहेंगे। इन तीनों की जिम्मेदारी रहेगी कि एक-एक डंपर का रजिस्टर में इंद्राज करेंगे और उसे उचित जगह डलवाना सुनिश्चित करेंगे।
हमने पीडब्ल्यूडी वालों से भी असेसमेंट कराया है, उनका कहना है कि पूरे कॉलेज कैंपस में 7 लाख क्यूबिक फीट से भी ज्यादा मिट्टी डालने की गुंजाइश है। -डॉ. विजय सरदाना, प्रिंसिपल, मेडिकल कॉलेज
एमबीएस की मिट्टी से संवरेगी मेडिकल कॉलेज की पथरीली जमीन, पार्क और मैदान डवलप करेंगे
कोटा|एमबीएस अस्पताल में बन रहे नए ओपीडी ब्लॉक से मेडिकल कॉलेज की जमीन संवारी जाएगी। यहां से निकलने वाली मिट्टी को मेडिकल कॉलेज परिसर की पथरीली जमीन पर डाला जाएगा, जहां बाद में गार्डन व मैदान विकसित किए जा सकेंगे। इसे लेकर प्रिंसिपल डॉ. विजय सरदाना ने कार्यकारी एजेंसी यूआईटी को चिट्ठी भी लिखी है और इंजीनियरों से मौखिक बात भी की है। एमबीएस अस्पताल में 40 करोड़ की लागत से नया ओपीडी ब्लॉक बन रहा है, जिसके लिए खुदाई शुरू हो चुकी है। यूआईटी इंजीनियरों की केलकुलेशन के हिसाब से यहां की जाने वाली खुदाई से 7 लाख क्यूबिक फीट मिट्टी निकलेगी। आज की स्थिति में इस मिट्टी की कीमत करीब 45 लाख रुपए आंकी जा रही है। यूआईटी ने उक्त मिट्टी को डालने की जगह बताने के लिए प्रिंसिपल को पत्र लिखा था। जब इस पर एमबीएस अस्पताल प्रबंधन से चर्चा की गई तो एमबीएस कैंपस में ऐसी कोई जगह नहीं मिली, जहां इतनी मिट्टी को डाला जा सके।
एमसीआई निरीक्षण काे लेकर कोटा में लगाए 24 डॉक्टर : कोटा मेडिकल कॉलेज में अगले कुछ दिनों में प्रस्तावित एमसीआई निरीक्षण के मद्देनजर राज्य सरकार ने प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों से 24 वरिष्ठ चिकित्सक कोटा में लगाए गए हैं। जयपुर, जोधपुर व बीकानेर मेडिकल कॉलेज से कोटा में इन चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। इनमें एनाटोमी, फिजियोलाॅजी, बायोकेमेस्ट्री, फार्माकोलॉजी, पीएसएम, जनरल मेडिसिन, टीबी एंड चेस्ट, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, ईएनटी, रेडियोडाइग्नोसिस व दंत विभाग के डॉक्टर शामिल है। प्रिंसिपल डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में 250 सीटों के लिए एमसीआई का कम्प्लाइंस निरीक्षण होना है। इसमें एमसीआई यह देखेगी कि पिछले निरीक्षण में बताई गई कमियों को दूर किया या नहीं।