फायरिंग के बाद मप्र भागे बदमाश पुलिस बोली-जल्द करेंगे गिरफ्तार
होली के एक दिन पहले रविवार देर रात पुलिस पर फायरिंग करके भागने वाले बदमाश मध्यप्रदेश पहुंच गए हैं। बदमाश पुलिस से छुपने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं और पुलिस टीमें भी बदमाशों की धरपकड़ में उनके पीछे दौड़ रही हैं। भास्कर को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक पुलिस ने बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया है और अब किसी भी समय पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार कर सकती है। उद्योग नगर पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए पिछले चार दिनों में अब तक राजस्थान और मध्यप्रदेश में करीब 3 हजार किलोमीटर से ज्यादा पीछा कर चुकी है।
दरअसल, उद्योग नगर थाना क्षेत्र में होली के एक दिन पहले रविवार देर रात करीब 1 बजे सिग्मा वाहन से कांस्टेबल इलाके में गश्त कर रहे थे। वे गोविंद नगर के तारबाड़ा क्षेत्र में पहुंचे, जहां पर रूटीन चेकिंग के लिए एक कार को रोका। इस कार में बदमाश बैठे हुए थे, इसका उन्हें अंदाजा नहीं था। पुलिसकर्मियों ने जैसे ही कार को रुकवाया, कार में बैठे करीब 6 बदमाश बाहर निकल गए और पुलिसकर्मियों पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ 4 से 5 फायर किए। पुलिसकर्मियों की किस्मत अच्छी रही कि गोली उन्हें नहीं लगी। पुलिसकर्मी खुद संभल पाते और कुछ कर पाते उसके पहले बदमाश वहां से फरार हाे गए। दो बदमाशों के नाम साफ हो चुके हैं।
दोनों बदमाश कपिल और टीपू सुल्तान हार्डकोर बदमाश हैं। दोनों बदमाशों को 2012 में हुए चर्चित मां-बेटे दुष्कर्म एवं हत्याकांड के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दोनों बदमाश पिछले काफी दिनों से पैरोल से फरार चल रहे थे।
चार दिन से दो राज्यों में लगातार दौड़ रही पुलिस
उद्योग नगर पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए पिछले चार दिनों से लगातार बदमाशों के पीछे दौड़ रही है। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए अब तक राजस्थान के चित्तौड़, भीलवाड़ा और मध्यप्रदेश के इंदौर, उज्जैन, मऊ, राजगढ़ समेत कई जिलों में लगातार दबिश दे रही है। पुलिसकर्मियों पर फायरिंग करने के बाद बदमाश शहर के सबसे व्यस्त चौराहे एरोड्रम से होते हुए झालावाड़ रोड की तरफ भागे थे। एरोड्रम, एयरपोर्ट और सिटी मॉल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की कार कैद हुई थी।