खैराबाद नवोदय स्कूल के बच्चों से कर्नाटक में मारपीट
रामगंजमंडी | खैराबाद जवाहर नवोदय के 9वीं के 22 बच्चों से कर्नाटक नवोदय स्कूल में मारपीट कर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। बच्चों के अभिभावकों ने आरोप लगाया कि बच्चों को वहां 11वीं के स्टूडेंट्स ने बुरी तरह पीटा। आहत परिजनों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को शिकायत भेजी, साथ ही बच्चे सलामत भिजवाने की मांग की। जानकारी अनुसार नवोदय के बच्चों को दूसरे राज्य के नवोदय स्कूल में पढ़ने जाना होता है। इसी के तहत 15 छात्र, 7 छात्राएं कर्नाटक के गदग नवोदय स्कूल में पढ़ने गए थे। शुक्रवार सुबह 10 बजे वहां के स्टूडेंट्स ने खेराबाद के बच्चों से मारपीट की। लात-घूंसों से पीटा। इसका वीडियो रामगंजमंडी के छात्र दीपक सिंह ने पिता को दिखाया और सभी को बचाने की गुहार लगाई। घबराए अभिभावक खैराबाद जवाहर नवोदय पह़ुंचे प्रिंसिपल को जानकारी दी। इसके बाद कर्नाटक संपर्क किया। वहां के प्रिंसिपल ने बताया कि फिलहाल सभी को समझा दिया है, अब झगड़ा नहीं होगा। दीपक के पिता भैरोंसिंह, दो अन्य अभिभावकों ने बच्चो को वापस खैराबाद बुलाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को मेल कर गुहार लगाई हैं। भैरोंसिंह ने बताया कि कुछ समय पूर्व भी बच्चों के साथ में मारपीट हुई थी। तब भी शिकायत दर्ज करवाई थी। तब कहा कि अब ऐसी कोई बात नहीं होगी, लेकिन फिर घटना हो गई।