सोशल मीडिया में सूचनाओं का आदान-प्रदान, सामाजिक अभिशाप के साथ वरदान
कोटा। शहर के लोकप्रिय वाट्सएप ग्रुप विचित्र पुराण की स्थापना के सात वर्ष पूरे होने पर शनिवार को जीएमए प्लाजा सभागार में सदस्यों का स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सोशल मीडिया पर सूचनाओं का आदान-प्रदान सामाजिक अभिशाप है या वरदान विषय पर चर्चा की गई। ग्रुप के एडमिन सुरेन्द्र गोयल विचित्र ने इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा ग्रुप समाचारों और उपयोगी जानकारी देने में विश्वसनीयता का पर्याय बन गया है।
समारोह में ग्रुप के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया का बहुत सावधानी से उपयोग करना चाहिए। गलत जानकारी या फेंक न्यूज पोस्ट करना एक तरीके से क्राइम है।नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला ने कहा कि सोशल मीडिया को आवश्यक सूचना और जानकारी के लिए उपयोग में लाएं। ताकि यह वरदान साबित हो सके ना कि अभिशाप बने।
कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन और महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि सोशल मीडिया व्यापार उद्योग जगत के लिए वरदान साबित हो रहा है। इसीलिए इसका प्रयोग केवल सही दिशा में होना चाहिए।