चलती कार में आग, आधे घंटे बंद रहा झालावाड़-कोटा हाईवे
झालावाड़ | शहर में गुरुवार रात साढ़े 8 बजे सुकेत से आ रही कार में अचानक आग लग गई। गैस किट लगा होने से पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि अाग लगते ही कार में सवार लोग बाहर कूद पड़े, जिससे उनकी जान बच गई। घटना के बाद आधा घंटे तक झालावाड़-कोटा मार्ग जाम रहा। मौके पर पहुंचे कोतवाली पुलिस जवानों ने बताया कि कार को अकलेरा निवासी अली मोहम्मद व साथी सुकेत से अकलेरा जा रहे थे, तभी झालावाड़-को मार्ग पर झिरनिया घाटी के समीप कार में आग लग गई। आग लगते ही दोनों नीचे उतर गए। देखते ही देखते कार आग से पूरी तरह घिर गई। कार बीच सड़क पर जलने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बाद में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचना देकर माैके पर बुलाया और कार में लगी आग को बुझाया।