मामूली विवाद में भाभी ने देवर के सिर पर पत्थर मारा, मौत
दादाबाड़ी के बालकुण्ड का मामला, केस दर्ज
दादाबाड़ी में बुधवार रात एक महिला ने अपने बेटे को खाना खिलाने की बात को लेकर हुए विवाद में देवर की पत्थर मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को एमबीएस की मोर्चरी में रखवाकर अाराेपी महिला की तलाश शुरू कर दी है।
दादाबाड़ी सीआई ताराचंद ने बताया कि दिलीप यादव पुत्र गिरधारी उम्र 45 साल बालाकुंड में रहता है। उसके दो मकान छोड़कर उसकी भाभी कांतिबाई रहती है। कांतिबाई का बुधवार सुबह से अपने बेटे कुलदीप से किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। उसने उसे सुबह से खाना नहीं खिलाया था। कुलदीप शाम से रो रहा था, उसे भूख लग रही थी। वो चाचा दिलीप के घर चला गया, उसे मां-बेटे के झगड़े की जानकारी नहीं थी। कुलदीप ने अपने घर पर उसे खाना खिलाने को बोला तो घरवालों ने उसे खाना परोसा। बुधवार रात को कुलदीप खाना खा रहा था और दिलीप भी वहीं बैठा था।
बेटे को खाना खाते देखा तो मां ने आपा खोया : कुलदीप खाना खा रहा था, उसी दौरान उसकी मां कांतिबाई वहां पहुंच गई। उसने उसे खाना खाते देखा तो वो आग बबूला हो गई और अपना आपा खो दिया। गुस्से में वो देवर दिलीप से लड़ने लगी और दोनों में कहासुनी हो गई। कांतिबाई ने पास रखा एक नुकीला पत्थर दिलीप के सिर पर दे मारा। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसको डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।