अब निगम चुनाव के बाद ही होगी मंडल अध्यक्षों की घोषणा
कोटा | आपसी गुटबाजी के चलते लंबे समय से अटकी कोटा शहर भाजपा में मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति फिलहाल टाल दी गई है। निगम चुनाव के चलते पार्टी ने इनकी नियुक्ति से हाथ खींच लिए हैं। पार्टी प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि इस वक्त नए मंडल अध्यक्षों की घोषणा करने से आगामी निगम चुनाव पर संगठनात्मक दृष्टि से इसका बुरा असर होगा, ऐसे में चुनाव तक मौजूदा मंडल अध्यक्षों को ही काम करने दिया जाए।
जयपुर में निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को हुई बैठक में यह स्पष्ट भी कर दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने कोटा शहर के सभी 14 मंडलों के नाम तय कर लिए थे और घोषणा करने की तैयारी थी। लेकिन इसी बीच राज्य निर्वाचन विभाग ने निगम चुनाव की तिथियों का ऐलान कर दिया, ऐसे में मंडल अध्यक्षों की घोषणा फिलहाल रोक दी गई है। अब चुनाव के लिए प्रत्येक मंडल में संयोजक व शहर के सभी 150 वार्डों में प्रभारी लगाए जाएंगे। शहर जिलाध्यक्ष रामबाबू सोनी ने बताया कि निगम चुनाव की तैयारी के संबंध में निर्देश मिले हैं, पार्टी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी और कोटा शहर के दोनों निगम जीतेगी। हम जल्दी ही मंडल स्तर पर संयोजक और वार्डवार प्रभारी लगा देंगे।