श्रीगंगानगर-कोटा व उधमपुर ट्रेन टूटी स्प्रिंग से दाैड़ी
एलएचबी कोच की स्प्रिंग टूटने के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। साथ ही स्प्रिंग किन कारणों से अाए दिन टूट रही हैं, इसका पता रेलवे नहीं लगा पा रहा है। शनिवार को भी श्रीगंगानगर कोटा व उधमपुर- कोटा ट्रेन टूटी स्प्रिंग से दाैड़ी। वापसी में ट्रेन 10 मिनट देरी से कोटा से रवाना हुई।
श्रीगंगानगर-कोटा ट्रेन शनिवार को कोटा रेलवे प्लेटफार्म पर पहुंची। ट्रेन को रेलवे यार्ड में पिट लाइन पर रखरखाव के लिए ले जाया गया। रेलकर्मचारियों ने ट्रेन के कोचाें की चेकिंग शुरू की। रेलकर्मचारी जब ट्रेन के सैकंड एसी कोच की तरफ पहुंचे तो उन्हें एक एसी कोच की स्प्रिंग टूटी मिली। रेलकर्मियों ने टूटी स्प्रिंग के मामले में रेल अधिकारियों को बताया। रेल अधिकारियों ने ट्रेन के कोच को बदलने के अादेश दिया। दूसरा एसी कोच ट्रेन में लगाया गया। वापसी में कोटा से श्रीगंगानगर ट्रेन चलाने के लिए प्लेटफार्म पर रैक ले जाया गया। ट्रेन निर्धारित समय से 10 मिनट देरी से कोटा से रवाना हुई। उधमपुर-कोटा ट्रेन के एक स्लीपर कोच की स्प्रिंग टूटी मिली है। उसके उस कोच को हटाया गया। दूसरा कोच लगाया गया।