कोटा में 22 को होगी किडनी रोगों के इलाजपर काॅन्फ्रेंस
कोटा। फिजिशियंस को किडनी संबंधी रोगों के इलाज की आधुनिकतम तकनीक से अपडेट करने के लिए कोटा में 22 मार्च को देश के कई नामी नेफ्रोलॉजिस्ट आएंगे। एपीआई (एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया) राजस्थान चैप्टर और कोटा किडनी फाउंडेशन की ओर से हो रही इस कान्फ्रेंस में सुबह से शाम तक 10 सत्रों में विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. केके पारीक, सचिव डॉ. विकास खंडेलिया, साइंटिफिक कमेटी के चेयरमैन डॉ. गिरीश माथुर व को-चेयरमैन डॉ. जीडी रामचंदानी को बनाया गया है। डॉ. खंडेलिया ने बताया कि कोटा में किडनी रोगों पर अब तक कोई काॅन्फ्रेंस नहीं हुई है। देश में किडनी रोग विशेषज्ञ काफी कम हैं, ऐसे में फिजिशियंस को इस बीमारी से जुड़े रोगियों को लेकर अपडेट रहने की जरूरत है।