बेटे-बहू से परेशान मां सुसाइड करने चंबल किनारे पहुंची, लोगों ने बचाया
कोटा | महिला दिवस पर एक मां अपने बेटे-बहू से इस कदर परेशान हुई कि उसने खुद की जान देने जैसा कदम उठा लिया। वो भीतरियाकुंड पहुंची और चंबल में कूदने लगी। वहां माैजूद हम लोग संस्था के लोगों ने महिला को पानी में उतरते देखा तो तुरंत महिला को बचा लिया। बुजुर्ग महिला से जब आत्महत्या के कारणों के बारे में पता किया तो महिला ने बताया कि उसके घर में उसकी बहू और परिजन परेशान करते हैं। हम लोग संस्थान के लोगों ने फोन कर दादाबाड़ी थाना पुलिस को सूचित किया। इस पर दादाबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ लेकर थाने ले आई। वो महावीर नगर द्वितीय निवासी निकली, जिसे दादाबाड़ी पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द किया। इधर, सीआई ताराचंद का कहना है कि महिला काे सकुशल बचा लिया गया था, जिन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पोता गंभीर बीमारी से पीड़ित इसलिए नहीं दे पाती ध्यान : महावीर नगर सीआई हरीश भारती का कहना है कि बुजुर्ग महिला ने बेटे-बहू के खिलाफ शिकायत दी है। महिला का कहना है कि उसकी बहू उसे परेशान करती है और समय पर खाना नहीं रखती। वहीं, बेटे-बहू की अपनी पीड़ा है। बेटा तो दिनभर काम पर जाता है और बहू अपने बेटे की परवरिश में व्यस्त रहती है। दरअसल, बहु का बेटा यानी महिला का पोता गंभीर बीमारी से पीड़ित है, इसलिए उसे उसकी बहू को देखरेख में ज्यादा समय देना पड़ता हैं। यही वजह है कि वो मां का ज्यादा ख्याल नहीं रख पाती। पुलिस ने फिर भी शिकायत के आधार पर बेटे-बहू को पाबंद करवाया है।