नागौर| पूर्व मंत्री व भाजपा प्रवक्ता राजेंद्र गहलोत ने कहा कि कांग्रेस चाहे कितनी भी ताकत लगा ले, भाजपा आगामी चुनावों को जीतकर फिर सत्ता में आएगी। वे रविवार को सर्किट हाऊस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब राजस्थान को केंद्रीय वित्त आयोग से सहायता दोगुनी मिल रही है। हर क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन हुआ है। कांग्रेस राज के समय राज्य पिछड़ा हुआ था। सीएम राजे के नेतृत्व में भाजपा ने अच्छी सरकार दी है। जनता भाजपा को फिर वोट देगी। आम जनता से आशीर्वाद लेने के लिए भाजपा ने अभियान की शुरुआत उदयपुर से की। इस गौरव यात्रा से जन जन तक पहुंचेंगे और विकास कार्यों की जानकारी देंगे। एंटी इनकंबेंसी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात ही नहीं है। भाजपा सरकार ने अच्छा काम किया है। गौरव यात्रा में हम 165 सीटों पर जाएंगे। इसके अलावा हर जिले में जा रहे है। कांग्रेस को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत व सचिन पायलट में मतभेद है। पार्टी दो धड़ों में बंटी हुई है। वे भाजपा से मुकाबले कैसे करेंगे जब उनका नेता ही तय नहीं है। पहले वे अपना नेता तय करें। घनश्याम तिवाड़ी को लेकर उन्होंने कहा कि वे पार्टी से अलग हुए है तो भी पार्टी में कुछ भी प्रभावित नहीं होगा। भाजपा 180 सीटें जीतेगी। इस मौके पर उनके साथ महेंद्र सुराणा, अविनाश जोशी व दीपक गहलोत भी मौजूद थे।