फायरिंग में उपयोग में ली गई बाइक जब्त
शहर के जूसरी तिराहा पर तीन मार्च को फायरिंग कर डीडवाना के युवक फिरोज बल्खी की हत्या करने वाली गैंग के तीनों बदमाशों को पुलिस ने रिमांड अवधि खत्म होने पर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया।
न्यायालय के आदेश पर बदमाश सलीम उर्फ जगदीश, अकबर उर्फ अकबरिया व आरिफ लंगड़ा को न्यायिक अभिरक्षा में परबतसर जेल भेज दिया गया है। थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह चारण ने बताया कि रिमांड अवधि में पूछताछ के दौरान तीनों बदमाशों की निशानदेही पर फायरिंग में काम में ली गई पल्सर बाइक व मोबाइल फोन बरामद किए है। इसके अलावा वारदात को अंजाम देने से पूर्व उन्होंने जिस दुकान से शराब खरीदी व जिस पंप से पेट्रोल भरवाया वहां के सीसीटीवी फुटेज जुटाए है। इसके अलावा फायरिंग की वारदात के दिन बदमाश जिस जिस स्थान पर गए वहां के सीसीटीवी फुटेज भी लिए गए है। इसके लिए बदमाशों से संबंधित जगहों की तस्दीक करवाई गई। उधर पुलिस ने फायरिंग की घटना के मुख्य सूत्रधार समीर भाटी व उसके साथी शूटर्स की तलाश में गुरुवार को भी प्रदेश के अनेक स्थानों पर दबिशें दी हैं। जयपुर पुलिस द्वारा भी समीर की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जयपुर में फायरिंग की दो वारदातों में वह वांछित है। उल्लेखनीय है कि मकराना में बीते दिनों हुई फायरिंग की घटना में डीडवाना के एक बाराती की मौत हो गई थी।