- Hindi News
- National
- PHEE News Rajasthan News Doubts On Investment Formulas In The Era Of Low Interest Rates
कम ब्याज दरों के दौर में निवेश के फार्मूलों पर संदेह
विशेषज्ञ कहते हैं, अलग-अलग जगह पैसा लगाने से फायदा
कोरोना वायरस के आर्थिक प्रभाव को लेकर उठी आशंकाओं के बीच अमेरिका में ब्याज दरों में बदलाव हो रहा है। फेडरल रिजर्व ने पिछले सप्ताह दरों में और अधिक कटौती कर दी। लिहाजा, विशेषज्ञ लोगों को अपनी बचत योजनाओं पर नए सिरे से गौर करने की सलाह दे रहे हैं। अमेरिका में लाखों निवेशकों को रिटायरमेंट सुरक्षित बनाने के लिए शेयर मार्केट में 60 और सिक्यूरिटी बॉन्ड में 40% पैसा लगाने की सलाह लंबे समय से दी जा रही है। 60/40 नियम के तहत लंबी अवधि के स्टॉक और सुरक्षित बॉन्ड को संतुलन का रास्ता माना जाता है। काम छोड़ने के बाद अपनी बचत से हर साल 4% से अधिक पैसा ना निकालने की सिफारिश भी सामान्य है।
विश्लेषक बताते हैं कि कम ब्याज दरों के बीच भी बॉन्ड ब्याज से एेसी आय सुनिश्चित नहीं कर सकते हैं जिससे शेयर मार्केट में गिरावट की भरपाई की जा सके। वैसे, कुछ समय से स्टॉक और बॉन्ड से आय गिर ही रही है। मोर्गन स्टेनले ने अभी हाल में 60/40 पोर्टफोलियो पर अगले दशक में 4% सालाना रिटर्न की भविष्यवाणी की है। दूसरी ओर बैंक ऑफ अमेरिका की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह मिश्रण 2020 में नहीं चल पाएगा।
वेल्स फार्गो इन्वेस्टमेंट इंस्टीट्यूट में प्रमुख रणनीतिकार ट्रेसी मेकमिलन कहते हैं, यदि लोग निश्चित आय के इन्वेस्टमेंट को अलग-अलग निवेश करें तो उन्हें काफी लाभ मिल सकता है। हालांकि, कुछ विशेषज्ञों का मत है कि 60/40 का नियम उन निवेशकों के लिए ठीक नहीं है जिनके रिटायरमेंट के लिए दस साल या उससे अधिक समय बचा है। बचत का 4% से अधिक पैसा ना खर्च करने का नियम युवा निवेशकों को बताता है कि उन्हें कितना पैसा बचाने की जरूरत है।
अमेरिकन फाइनेंशियल सर्विस कॉलेज में प्रोफेसर वेड फाउ कहते हैं, अब निवेशकों को बचत से 3% से अधिक पैसा नहीं निकालना चाहिए। बैंक ऑफ अमेरिका में इन्वेस्टमेंट ग्रुप के प्रबंध संचालक अनिल सूरी कहते हैं, ‘निवेशकों को निजी निवेश योजना बनाना चाहिए। उसे स्थिति के हिसाब से बदला जाए’।
(टाइम और टाइम लोगो रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क हैं।
इनका उपयोग अनुबंध के तहत किया गया है।)