- Hindi News
- National
- Makrana News Rajasthan News Election Supervisor Took Stock Of Booths Instructions For Peaceful Voting
चुनाव पर्यवेक्षक ने बूथों का लिया जायजा, शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश
पंचायत राज चुनाव के चलते शनिवार को मकराना के चुनाव पर्यवेक्षक आरएएस अधिकारी विष्णु गोयल ने लाइजनिंग अधिकारी अमित डाबी के साथ मकराना का दौरा किया। उन्होंने ग्राम पंचायतों में मतदान बूथों का जायजा लिया एवं कानून व्यवस्था के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने शाम को एसडीएम कार्यालय में निर्वाचन अधिकारी सैयद शीराज अली जैदी, तहसीलदार दिनेश शर्मा व नायब तहसीलदार गजेंद्र सिंह से चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण मतदान करवाएं।
सरपंच के चुनाव ईवीएम मशीनों से एवं वार्ड पंच के मतपत्र से चुनाव होंगे जिसके चलते पोलिंग पार्टियों को अपडेट रखें। ईवीएम संबंधी दिक्कतों के निस्तारण के लिए आईटी टीम को अलर्ट मोड पर रखें। इस दौरान एसडीएम शीराज अली जैदी ने उन्हें बताया कि जूसरी ग्राम पंचायत को सेंसेटिव माना है। वहां के लिए विशेष रूप से एक नियोजित सुरक्षा बल मंगाया गया है। हर पंचायत पर एक रिजर्व ईवीएम की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ की विजिट कर ली गई है तथा कानून व्यवस्था बनाने, आचार संहिता का अक्षरत: पालन करवाने एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुनियोजित तरीके से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।