- Hindi News
- National
- Makrana News Rajasthan News If The Businessman Did Not Spend The New Year Party Then The Crook Sameer Hatched A Conspiracy To Murder
व्यापारी ने न्यू ईयर पार्टी की खर्ची नहीं दी तो बदमाश समीर ने रच दी हत्या की साजिश
जूसरी तिराहा पर तीन मार्च को अंधाधुंध फायरिंग कर डीडवाना के युवक के ब्लाइंड मर्डर के मामले में परत दर परत रोचक खुलासे हुए हैं। वारदात में मकराना के एक मार्बल व्यवसायी को शूट किया जाना था परंतु गफलत में दुर्भाग्यवश डीडवाना का फिरोज बल्खी शार्प शूटर्स के हत्थे चढ़ गया। मामले के अनुसार व्यापारी से मकराना निवासी बदमाश समीर भाटी की अदावत की शुरुआत 31 दिसंबर को ही हो गई थी।
व्यवसायी 31 दिसंबर 2019 को नववर्ष मनाने के लिए कार लेकर जयपुर गया था। वहां पर समीर ने उसे देख लिया एवं खर्च करने के लिए रुपए की डिमांड की। मना करने पर उसने व्यापारी की कार का शीशा फोड़ दिया जिसको लेकर पुलिस में रिपोर्ट भी हुई। इस दौरान मकराना में भी उनकी कहासुनी हुई जिस पर दोनों पक्षों में समझौता वार्ता चली। उधर समीर के साथी आरिफ लंगड़ा की व्यापारी से पहचान है तथा वह भी व्यापारी से किसी बात को लेकर खफा था। उसने व्यापारी को सबक सिखाने के लिए समीर को बार-बार उकसाया, जिसके चलते समीर के दिमाग में व्यापारी को ठिकाने लगाने की सनक सवार हो गई। यहीं से मकराना में बड़ा काण्ड करने का तानाबाना बुना गया।
व्यापारी को मारने पहले मार्बल गोदाम गए पर बंद मिला तो जूसरी चौराहे पहुंचे
बदमाश समीर, आरिफ लंगड़ा, जगदीश उर्फ सलीम, अकबर उर्फ अकबरिया सहित शूटर्स पहले व्यापारी के मार्बल गोदाम पर भी गए थे ताकि वहीं पर उसका काम तमाम कर सकें। परंतु उस समय गोदाम बंद होने एवं व्यापारी के अन्यत्र होने से मंसूबे धरे रह गए। बाद में वे तीन मार्च को प्लान कर जूसरी तिराहा पहुंचे। चूंकि आरिफ लंगड़ा व्यापारी का पूर्व परिचित था जिसके चलते वह उसे फोन कर लोकेशन लेता रहा एवं उससे वार्ता के अनुसार उन्हें पता था कि वह कार लेकर जूसरी तिराहा पर रुकेगा। शूटर्स व्यापारी को पहचानते नहीं थे जिसके चलते प्लानिंग के अनुसार व्यापारी के कार से उतरने पर आरिफ लंगड़ा उससे कुछ देर बात करता एवं बाद में शूटर उस पर फायरिंग करते। दुर्भाग्यवश डीडवाना के बाराती फिरोज बल्खी की कार कुछ सैकंड पहले पहुंच गई एवं उसमें से नीचे उतरते समय कार का दरवाजा आरिफ लंगड़ा से छू गया। इस बात को लेकर फिरोज व आरिफ में चंद सैकण्ड कहासुनी हुई एवं आरिफ वहां से हटते हुए व्यापारी की कार की तरफ बढ़ गया। प्लान के अनुसार शूटर्स ने उसे ही टारगेट समझते हुए फायरिंग कर मार डाला। गलत टारगेट लगने पर आरिफ लंगड़ा सहित बदमाशों के होश उड़ गए जबकि शार्प शूटर टारगेट पूरा होना समझकर जगदीश उर्फ सलीम की पल्सर बाइक पर बैठकर फर्राटे से निकल गए।
आशिक मिजाज रहा है आरोपी सलीम उर्फ जगदीश
हत्या की साजिश में पकड़ा गया सलीम उर्फ जगदीश दिखावे के लिए मकानों में रंग-रोगन का काम करता है। सूने घरों में तांकझांक कर वह चोरी की वारदातें भी करता रहा है। वह आशिक मिजाजी भी रखता था, जिसके चलते उसे रंगरोगन करने गए एक घर में संभ्रांत परिवार की लड़की से प्रेम हो गया। दोनों ने शादी कर ली एवं मकराना में कच्ची फाटक स्थित कॉलोनी में दो कमरों का मकान बनाकर रहने लग गया। लड़की मुस्लिम परिवार से है जिसके चलते जगदीश ने धर्म परिवर्तन करते हुए अपना नाम सलीम रख लिया।
पुलिस ने बदमाशों को रिमांड पर लिया
पुलिस ने पकड़े गए तीनों बदमाश अकबर, सलीम व आरिफ को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन के रिमांड पर सौंपा गया है। रिमांड अवधि में उनसे बाइक, हथियार बरामदगी के अलावा अन्य वारदातों में लिप्तता के बारे में पूछताछ की जाएगी।
बदमाशों पर हत्या, चोरी व ब्लैकमेल के भी हैं आरोप
फायरिंग प्रकरण में पकड़े गए तीनों बदमाश हत्या, चोरी व ब्लैकमेल करने के भी आरोपी रहे हैं जिनके खिलाफ मकराना, जयपुर व अजमेर पुलिस थाने में मामले दर्ज हैं। इनमें अकबर अली पुत्र मुस्तफा पर मकराना में हत्या के दो, अजमेर में लूट का एक, सट्टेबाजी के दो, मारपीट व जबरन वसूली के दो, आम्र्स एक्ट में एक कुल नौ मामले दर्ज हैं। दूसरे बदमाश मो. आरिफ पुत्र अब्दुल सलाम उर्फ आरिफ लंगड़ा पर चोरी, गैंगरेप में ब्लैकमेल करने, जबरन वसूली के मामले दर्ज हैं। तीसरा बदमाश सलीम उर्फ जगदीश अब तक चोरी की वारदातों में जुड़ा रहा है। चोरी की दो वारदातों में मौके से पकड़ा जा चुका है।
मकराना के बाद शूटरों ने जयपुर में की फायरिंग
समीर भाटी व उसकी गैंग के सदस्यों द्वारा दस दिन के भीतर मकराना सहित तीन जगहों पर शूटआउट करने की जानकारी मिली है। मकराना में तीन मार्च को फायरिंग से एक दिन पहले गैंग ने जयपुर में फायरिंग की। इसके बाद 9 मार्च को जयपुर में ही हिस्ट्रीशीटर प्रदीप यादव पर फायरिंग कर उसे घायल कर दिया, जिसमें भी समीर सहित उसके साथी हिमांशु जांगिड़ व बंटी का नाम शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने समीर व उसके साथियों की तलाश में दर्जनों जगहों पर दबिशें दी है। पुलिस के अनुसार जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मकराना. पुलिस गिरफ्त में तीनों अपराधी।