- Hindi News
- National
- Nagaur News Rajasthan News In 56 Panchayats Of 3 Blocks 351 Candidates Are In The Fray Direct Competition In Indali And Rasal
3 ब्लॉक की 56 पंचायतों में 351 प्रत्याशी मैदान में, इंडाली व रसाल में सीधी टक्कर
जिले की चार पंचायत समितियों की 88 ग्राम पंचायतों में रविवार को सरपंच व वार्ड पंच के चुनाव होंगे। इसको लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से कुचामन, खींवसर, मकराना व डीडवाना पंचायत समितियों में 408 मतदान केंद्र बनाएं गए है। जहां रविवार को 3 लाख 83 हजार 544 मतदाता गांवों के सरकार चुनेंगे। इसके तहत कुचामन की 31 ग्राम पंचायतों, मकराना में 23 ग्राम पंचायतों, डीडवाना में 2 ग्राम पंचायतों व खींवसर में 32 ग्राम पंचायतों में पंच व सरपंच के चुनाव होंगे। इसको लेकर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित मिर्धा कॉलेज से मतदान दल रवाना हुए। कुचामन पंचायत समिति में 33 ग्राम पंचायतें है। मगर नारायणपुरा व मंडावरा पंचायत में चुनाव नहीं होने से अब 31 ग्राम पंचायतों में ही चुनाव होगे। इनमें 196 सरपंच प्रत्याशी मैदान में है। वही कुचामन पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 339 वार्डों है। जिनमें से 198 वार्डों में वार्डपंच निर्विरोध चुने जा चुके है। ऐसे में अब रविवार को 141 वार्डों में ही मतदान होगा जहां मतदाता अपने मत का प्रयोग करेगे। कुचामन पंचायत समिति की 31 ग्राम पंचायतों में 1 लाख 26 हजार 445 मतदाता पंजीकृत है। जिसमें से 65 हजार 7 पुरुष तो 61 हजार 437 महिला मतदाता हैं। जबकि एक अन्य मतदाता में शामिल है। 31 ग्राम पंचायतों में होने वालों चुनावों के लिए 115 मतदान केन्द्र बनाए गए है जहां मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।
डीडवाना: 4440 मतदाता,16 उम्मीदवार
डीडवाना क्षेत्र की 2 पंचायतों में रविवार को चुनाव होंगे। ग्राम पंचायत खरवालिया में 7 व पीड़वा में 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण खरवालिया ग्राम पंचायत के 4 केंद्रों पर 9 वार्डों के लिए मतदान होगा। 3360 मतदाता मत का प्रयोग करेगें। वहीं पीड़वा के 4 केंद्रों के 13 वार्डों के लिए 4440 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।
आनंदपुरा पंचायत में 15, रसाल व इण्डाली में 2-2 उम्मीदवार
कुचामन पंचायत समिति की आनंदपुरा ग्राम पंचायत में सबसे अधिक 15 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे है। ग्राम पंचायत रसाल व इंडाली में दो-दो प्रत्याशी ही मैदान में है। ऐसे में यहां चुनाव रोचक होगा। दोनों ग्राम पंचायतों में दो ही प्रत्याशी मैदान में होने के कारण यहां आमने सामने की टक्कर होगी। जीत के लिए प्रत्याशी अपनी पुरजोर ताकत झोंकेगे। वही आनंदपुरा पंचायत में 15 प्रत्याशी मैदान में होने के कारण यहां की जीत काफी कम अंतराल से होगी। इसी तरह खोरण्डी ग्राम पंचायत में 12 उम्मीदवार, टोडास में 12 उम्मीदवार, जीलिया में 10 उम्मीदवार, चितावा में 10 उम्मीदवार, नंगवाड़ा में 9 उम्मीदवार मैदान में है।
मकराना की 23 ग्राम पंचायतों में 139 सरपंच प्रत्याशी मैदान में
मकराना पंचायत समिति की 40 में से 23 ग्राम पंचायतों में रविवार को मतदान होगा। निर्वाचन विभाग की ओर से शनिवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। ऐसे में कुल 1,22,073 मतदाता 23 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं 321 वार्ड पंचों को चुनने के लिए मतदान करेंगे। मतदान हेतु 31 भवन लोकेशन चिन्हित कर उनमें 146 बूथ बनाए गए हैं। जूसरी ग्राम पंचायत में मतदान के लिए 6 भवनों में सर्वाधिक 21 बूथ बनाए गए हैं। इस पंचायत को निर्वाचन विभाग ने अति संवेदनशील श्रेणी में मानते हुए वहां पर सुरक्षा बल का विशेष दस्ता तैनात किया है।
आचार संहिता: मकराना में एसडीएम ने होर्डिंग व बैनर हटवाए
पंचायत चुनाव-2020
मेरा गांवमेरी सरकार
एसडीएम सैयद शीराज अली जैदी ने आचार संहिता का पालन करवाते हुए ग्राम पंचायतों में बगैर परमिशन लगाए होर्डिंग, पोस्टर व बैनर हटवा कर जब्त कर लिया। नगर परिषद आयुक्त संतलाल मक्कड़ व पुलिस जाब्ता उनके साथ था। उन्होंने जूसरी, बोरावड़, बरवाली सहित अन्य ग्राम पंचायतों में घूमकर उम्मीदवारों के कार्यालयों, उनके द्वारा उपयोग में लिए जा रहे वाहनों की वीडियोग्राफी करवाई।
मकराना. प्रत्याशियों के पोस्टर, बैनर हटवाते हुए एसडीएम।