- Hindi News
- National
- Makrana News Rajasthan News In Makrana Bhavip Honored The Veterans Serving Soldiers And Ex Servicemen
मकराना में भाविप ने वीरांगनाओं, सेवारत सैनिकों व पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित
भारत विकास परिषद मकराना के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय श्रीरामधन रांदड़ भवन में शहीद वीरांगनाओं, पूर्व सैनिकों व सेवारत सैनिकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक रुपाराम मुरावतिया ने कहा कि राष्ट्र की मजबूती के लिए हर नागरिक अपना दायित्व निभाएं। सांप्रदायिक ताकतों व जातिवाद का जहर घोलने वालों से बचकर रहें। नागरिक जीओ और जीने दो के सिद्धांत को अपनाएं।
भ्रष्टाचार मिटाने में सहयोग करते हुए देश को भीतर से मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सैनिक सोसायटी मकराना के अध्यक्ष नारायण सिंह खिडिय़ा ने कहा कि सीमाओं पर काफी विपरीत परिस्थितियां होने के बावजूद सैनिक देश की रक्षा में डटा रहता है। भारत विकास परिषद द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर शहीदों व पूर्व सैनिकों को सम्मान देने का कार्यक्रम वास्तव में प्रेरणादायी है। भामाशाह घासीराम भाकर ने कहा कि युवाओं में सेना के प्रति काफी लगाव हुआ है तथा इस फील्ड को वे देशसेवा के साथ बेहतर कॅरियर के रूप में भी अपनाने लगे हैं। हर नागरिक सैनिक परिवार के साथ सम्मान जनक व्यवहार करते हुए देश की रक्षा का जज्बा रखें। इस मौके पर परिषद अध्यक्ष बालमुकंद मूंदड़ा ने संस्था के क्रियाकलापों के बारे में जानकारी देते हुए आगंतुकों का आभार जताया। इस अवसर पर सभापति समरीन भाटी, उपसभापति अब्दुल सलाम भाटी, प्रधान हिम्मत सिंह राजपुरोहित, कर्नल भागीरथ सिंह, मेजर मनोहर सिंह,कैप्टन रूपाराम, परिषद सचिव रघुनाथ सिंह मेहता, पांचूराम गिटाला, सूरजप्रकाश जैन, रमेश चंद्र छापरवाल, श्याम सुंदर स्वामी, पन्ना राम गोदारा, नरेन्द्र भाकर, अरूण सोलंकी, कमल कांकाणी आदि मौजूद थे।
70 वीरांगनओं, पूर्व सैनिकों व सेवारत सैनिकों का सम्मान: कार्यक्रम के दौरान 70 से अधिक शहीद वीरांगनाओं, पूर्व सैनिकों व सेवारत सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। परिषद द्वारा आयोजित भारत को जानो परीक्षा में अव्वल रहे विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती व स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के शुरूआत में बालिकाओं ने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी लोगों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया।
मकराना. सम्मान समारोह में बोलते विधायक मुरावतिया एवं कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सैनिक, शहीद परिजन व अन्य।