- Hindi News
- National
- Nagaur News Rajasthan News Manasar Rob Also Closed For The Second Time Now The Nha Will Remove The Agency
मानासर आरओबी का काम भी दूसरी बार हुआ बंद, अब एजेंसी को हटाएगा एनएचए
शहर के मानासर चौराहा रेलवे फाटक संख्या सी 64 पर बनाए जा रहे आरओबी निर्माण का काम भी एक बार फिर बंद हो गया है। लगातार नोटिस के बाद भी काम पूरा नहीं करने पर बीकानेर रोड फाटक सी 61 की तरह राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन निर्माण एजेंसी को हटाने की तैयारी कर रहा है। इस माह के अंत तक दोनों आरओबी की निर्माण एजेंसी को टर्मिनेट कर दिया जाएगा। दोनों आरओबी का काम गत नवंबर में वापस शुरू हुआ लेकिन निर्माणकर्ता एजेंसी काम में गति नहीं ला पाई। कोर्ट की लगातार फटकार के बाद भी एनएचए और जिला प्रशासन एजेंसी पर काम को जल्द पूरा करने का दबाव नहीं बना पाया। नतीजा दोनों आरओबी का काम गत 10 दिनों से बंद पड़ा है। निर्माण एजेंसी के ठेकेदार ने अपना सामान लगभग समेट लिया है। यानी शहर को नुकसान तय है। शहरवासी बीते करीब तीन साल से आरओबी निर्माण के कारण परेशानी झेल रहे हैं। यह परेशानी आगे कितनी और होगी यह जवाब किसी के पास नहीं है जबकि बीते नौ माह में दोनों आरओबी का काम दूसरी बार पूर्णतया बंद हो गया है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने काम को जानबूझ कर धीमा करने का लगाया आरोप
प्रोजेक्ट बंद होने को लेकर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने काम को जानबूझ कर धीमा करने का आरोप लगाया है तो संबंधित निर्माण एजेंसी भुगतान नहीं मिलने की बात पर कायम है। इधर एजेंसियों की इस लेटलतीफी से आमजन को परेशानियां झेलनी पड़ रही है। दोनो जगहों पर काम धीमा होने से पूरा शहर परेशान है।
जानकारी अनुसार 30 करोड़ लागत से आरओबी का निर्माण करीब पौने 2 वर्ष पूर्व शुरू हुआ था। 11 मीटर चौड़े और 1173 मीटर लंबे आरओबी निर्माण के लिए एमओयू हो रखा है। सितंबर 2019 तक इसका निर्माण पूरा होना था। गत 8 मई 2019 को काम बंद कर दिया गया था। स्थानीय लोगों के आंदाेलन और कोर्ट के हस्तक्षेप पर गत नवंबर में ही काम वापस शुरू हुआ था। इस दौरान सी 64 फाटक पर बन रहे आरओबी में तो कुछ काम हुआ लेकिन सी 61 में 10 प्रतिशत भी काम आगे नहीं बढा है। कोर्ट की दखल के बाद शहरवासियों को सिर्फ यह फायदा हुआ है कि दोनों आरओबी क्षेत्र में सर्विस रोड बन गई है जिससे आवागमन में सहुलियत हो पाई है।
नोटिसों के बाद भी काम पूरा नहीं कर पा रहे हैं-
आरओबी का काम बंद पड़ा है, लगातार नोटिस के बाद भी निर्माण एजेंसी काम पूरा करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। आरओबी स्ट्रेचर पर जिस प्रकार से काम किया जा रहा था उसके हिसाब से दो साल में ही पूरा नहीं हो पाएगा। जनहित को देखते हुए मानासर रेलवे फाटक आरओबी निर्माण एजेंसी को भी टर्मिनेट करने की तैयारी चल रही है।
-मुकेश शर्मा, एक्सईएन एनएचए नागौर।
नागौर. मानासर चौराहे पर अधूरा पड़ा आरओबी का ढांचा।