- Hindi News
- National
- Makrana News Rajasthan News Medical Team Reached Sarla39s House Tied In Chains Now Psychiatric Specialists Will Treat
जंजीराें में बंधी सरला के घर पहुंची चिकित्सा टीम, अब मनोरोग विशेषज्ञ करेंगे इलाज
‘इलाज के लिए पैसे नहीं, इसलिए जंजीराें में बंधी है सरला’ इस शीर्षक से 12 मार्च के अंक में ही दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित हुई तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता के सचिव रामदेव सिंह सान्दू ने अविलम्ब प्रसंज्ञान लिया। इसका नतीजा यह रहा कि मकराना एसडीएम के निर्देश पर बीसीएमएचओ कार्यालय मकराना द्वारा गठित चिकित्सा टीम में शामिल चिकित्सकों ने गुरुवार काे गांव सफेड बड़ी स्थित नायकाें के माेहल्ले में इलाज के अभाव में पेड़ से जंजीराें के सहारे बंधी मानसिक रूप से विमंदित सरला की सुध लेते हुए उसके घर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। इस दाैरान चिकित्सा टीम में शामिल चिकित्सकों ने पीड़ित बालिका के स्वास्थ्य की जांच की। भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद जन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने प्रसंज्ञान लिया तो मकराना उपखंड अधिकारी सैय्यद सिराज अली जैदी ने मकराना ब्लाक मुख्य चिकित्साधिकारी नरेन्द्र चाैधरी काे पीड़ित बालिका की तत्काल सुध लेकर सरकारी स्तर पर इलाज कराते हुए राहत प्रदान कराने के निर्देश दिए थे। एसडीएम के निर्देश पर बीसीएमएचओ चाैधरी ने तुरंत मकराना सीएचसी से 2 सदस्यीय चिकित्सा टीम का गठन किया।
मकराना में कल होने वाले शिविर में शुरू होगा इलाज, जंजीरों से बंधी सरला स्वस्थ, केवल मानसिक रूप से कमजोर : चिकित्सा टीम
चिकित्सा टीम गुरुवार काे स्वास्थ्य की जांच कर इलाज शुरू करने के लिए पीड़ित बालिका के घर गांव सफेड़ बड़ी पहुंची व मामले की रिपाेर्ट तैयार कर बीसीएमएचओ कार्यालय मकराना काे साैंपी। चिकित्सा टीम में शामिल डाॅ. रजत वर्मा व डाॅ. शहनवाज खान ने नायकाें के माेहल्ले में पेड़ से बंधी मानसिक विमंदित बालिका सरला के घर पहुंचकर जानकारी ली। चिकित्सकों ने बालिका के स्वास्थ्य की जांच कर उसका इलाज शुरू किया। इस दाैरान मानसिक बीमारी काे छाेड़कर बालिका का स्वास्थ्य स्वस्थ पाया गया। चिकित्सकों ने परिजनाें काे बेहतर इलाज के लिए बालिका काे अस्पताल में भर्ती कराने का अनुराेध किया मगर परिजनाें द्वारा इनकार करने पर चिकित्सकाें ने आगामी 14 मार्च काे मकराना सीएचसी पर हाेने वाले मनाेराेग शिविर में बालिका काे उपचार के लिए लाने को लेकर संबंधित उप स्वास्थ्य केन्द्र की एएनएम व आशा सहयोगिनी काे पाबंद किया। शिविर में बेहतरीन मनोचिकित्सक द्वारा बालिका के स्वास्थ्य की जांच कर इलाज करवाया जाएगा।
प्रसंज्ञान के बाद मकराना उपखंड अधिकारी के निर्देश पर टीम गठित, एक ही दिन में जांच के बाद रिपोर्ट सौंपी
इस मामले में दैनिक भास्कर में प्रकाशित समाचार काे पढ़कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता के सचिव रामदेव सिंह सान्दू ने प्रसंज्ञान लेते हुए 16 वर्षीय बालिका सरला के इलाज काे लेकर ताल्लुका अध्यक्ष विधिक सेवा समिति मकराना के मार्फत प्रशासनिक अधिकारियों के जरिए नियमानुसार कार्रवाई शुरू करवाई। मेडिकल परीक्षण के लिए चिकित्सकीय टीम बालिका के घर भिजवाई गई। साथ ही थानाधिकारी मकराना काे निर्देशित किया गया कि नियमानुसार तहरीर लेकर बालिका के उपचार के लिए संबंधित चिकित्सालय में भिजवाया जाये तथा बालिका का स्थायी रूप से इलाज हाे।
बूडसू. पेड़ से बंधी सरला के घर जाकर स्वास्थ्य की जांच करते चिकित्सक।
12 मार्च