लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के उपाय बताए गए
नावां व कुचामन पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में रविवार को आयोजित ग्राम सभाओं में चिकित्सा विभाग की ओर से कोरोना वायरस से बचाव के उपाय बताए। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार के निर्देशन में चिकित्सा विभाग के कार्मिकों ने ग्राम सभाओं में पहुंचकर जनता को जागरूक किया। कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने के लिए चिकित्सा विभाग द्वारा बैनर व पंपलेट भी वितरित किए। चिकित्सा विभाग के कार्मिकों ने ग्राम सभाओं में बताया कि कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। इसी के साथ लोगों को वायरस से निपटने के लिए घर से लेकर, स्कूल-कॉलेज, ऑफिस में साफ-सफाई रखने और सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं। चिकित्सा विभाग के अनुसार सुरक्षा की शुरुआत अपने घर से करें, सबसे पहले अपने घर को वायरस से निपटने के लिए तैयार करें। बच्चों को सकारात्मक रखें और उन्हें भरपूर प्यार दें। परिजनों, रिश्तेदारों और मित्रों को जीवनशैली से जुड़ी सावधानियों के बारे में बताएं। कुर्सी, मेज, लाइट के स्विच, दरवाजे और हत्थे को घर के सभी लोग इस्तेमाल करते हैं, इन्हें रोजाना साफ करें। कोरोना वायरस से बचाव के लिए पानी और साबुन का इस्तेमाल करते हुए हाथों को बीस सेकेंड तक रगड़कर साफ करें। बच्चों के लिए घर पर की जाने वाली प्रैक्टिस या पढ़ाई के संबंध में बात करें।
नावां. लोगों को जागरूक करते चिकित्सा विभाग के कर्मचारी