- Hindi News
- National
- Merta News Rajasthan News Sharma Of Merta Road Played The Character In Holi Khayal Of Sambhar
सांभर के होली ख्याल में मेड़ता रोड के शर्मा ने निभाया किरदार
होली के अवसर पर सांभर लेक में आयोजित तमाशा में मेड़ता रोड निवासी रामअवतार शर्मा कई वर्षों से मुख्य कलाकार की भूमिका अदा कर रहे हैं। सांभर लेक में करीब पिछले 200 सालों से बड़ा बाजार-छोटा बाजार में ख्याल आयोजित होते हैं। 1960 में पहली बार दो सगे भाइयों नंदलाल व रामअवतार ने चंद मलियागिरी तमाशे में बाल कलाकार सायर व नीर की भूमिका अदा की थी। फिर 1973 में रामअवतार शर्मा ने मंगल ख्याल में मुख्य किरदार कृष्ण का निभाया था। इसके बाद से आज तक मुख्य कलाकार की भूमिका निभा रहे हैं। शुक्रवार रात वहां आयोजित बींजा सोरठ ख्याल में भी रामअवतार शर्मा ने मुख्य कलाकार राजा बींजा की भूमिका अदा की। यह मंचन सांभर की डींगल-पींगल भाषा में किया गया। इस दौरान उनके साथ तीन पीढ़ियों ने भाग लिय। जिसमें बींजा का किरदार शर्मा ने निभाया। वही राजा खोरड़ का किरदार उनके पुत्र मुकुट बिहारी व गुरु गोरखनाथ का पोते जनार्दन शर्मा ने निभाया। सेवानिवृत रेलवे स्पेशल ए ग्रेड गार्ड रामअवतार शर्मा पूर्व में राजस्थान संगीत नाटक अकादमी जोधपुर से सम्मानित हो चुके हैं। तत्कालीन पर्यटन व कला संस्कृति मंत्री ऊषा पूनिया ने उन्हें सम्मानित किया था। इसके साथ ही लंबे समय से मेड़ता रोड़ की रामलीला में भी किरदार निभाते आ रहे हैं।
मेड़ता रोड. सांभर में बींजा सोरठ में तीन पीढ़ी एक मंच पर अभिनय करते हुए।