- Hindi News
- National
- Ladnu News Rajasthan News Shitala Mata39s Fair In Ladnun And Makrana Tomorrow Food Will Be Prepared In Homes Today
लाडनूं व मकराना में शीतला माता का मेला कल, आज घरों में बनेंगे पकवान
यहां परंपरागत रूप से मनाया जाने वाले शीतला माता के त्योहार के अवसर पर शीतला माता मेला 16 मार्च सोमवार को यहां शीतला माता चौक में भरेगा। शीतला माता सेवा समिति के सदस्य मदन लाल पटवारी ने बताया कि समिति के तत्वावधान में मेला भरेगा। इससे पूर्व रविवार रात्रि में भजन-जागरण होगा। जिसमें स्थानीय गायकों के साथ ही बाहर से आए कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने बताया कि शीतला माता का मेला सोमवार को सुबह 4 बजे से शुरू होगा। जो दोपहर 2 बजे तक चलेगा। पटवारी ने बताया रविवार शाम को शहर भर में रांध्या-पोया (बास्योड़ा) के अवसर पर सभी घरों में विभिन्न भोजन-पकवान बनाए जाएंगे, जिनमें माता के भोग के लिए हलुआ, लापसी, खीर, दही-राबड़ी, केर-सांगरी की सब्जी, पूड़ी आदि बनाई जाएगी।
मकराना| शीतलाष्टमी के अवसर पर मकराना शहर में शीतला माता की पूजा सोमवार 16 मार्च को होगी। इस अवसर पर माता भर रोड स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में मेला भरेगा। शीतला माता गो सेवा समिति के सह सचिव दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि मंदिर परिसर में एक दिन पूर्व रविवार रात्रि में जागरण होगा। जिसमें स्थानीय व बाहर से आए कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। शीतला माता मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को श्री शीतला माता गौ सेवा समिति की बैठक भी आयोजित की गई। समिति सचिव शेर सिंह चौहान ने बताया कि मेला परिसर में बच्चों के लिए अनेक प्रकार के झूलें लगाए जाएंगे। वहीं विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों व खिलौनों की स्टॉलें लगाई जाएगी।
ठठाना मीठड़ी | कस्बे में शीतला अष्टमी का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। पंडित राधेश्याम शास्त्री ने बताया कि 15 मार्च रविवार को रांध्या-पोया में गृहणियां घर पर विभिन्न प्रकार के पकवान आदि बनाएगी। इसके बाद सोमवार को परिवारजनों के साथ मंगल गीत गाते हुए शीतला माता के दरबार विभिन्न ठंडे पकवानों आदि भोग लगाएंगे। वहीं रविवार रात्रि में स्थानीय कलाकारों द्वारा शीतला माता के मंदिर में भजन संध्या का कार्यक्रम रखा गया है ।
नावां िसटी| नावां उपखण्ड मुख्यालय सहित आस-पास के गांवों एवं कस्बों में रविवार को शीतला सप्तमी का त्योहार पारंपरिक रूप से पूजा अर्चना के साथ मनाया जाएगा। शहर में अधिकांश लोग सोमवार को शीतला अष्टमी को भी पूजा अर्चना करेंगे। शीतला सप्तमी पर रविवार को ब्रह्म मुहूर्त में महिलाओं द्वारा आरोग्यता की देवी माता शीतला का पूजन पूआ-पापड़ी, छाछ-राबड़ी, मंूंग-चावल व लापसी सहित अन्य व्यंजनों का भोग लगाकर किया जाएगा। इस अवसर पर कई श्रद्धालु अपने घरों में अग्रि प्रज्वलन नहीं करेंगे। जिसके चलते चाय सहित अन्य गर्म पेय भी नहीं बनाएं जा सकेंगे। ग्रामीण अंचल में लोग शीतला सप्तमी की पूजा करते है उन लोगों ने शनिवार को बासोड़ा पकाने के साथ ही रविवार को माता के भोग लगाएंगे। नावां में कुछ लोग लोग सप्तमी को बासोड़ा पकाकर अष्टमी सोमवार को भोग लगाएंगे। कस्बे के गौरज चौक, पुरानी स्टेशन स्थित शीतला माता मंदिर सहित अन्य मंदिरों में माता शीतला की पूजा अर्चना कर अपने परिवारजनों के सुखद स्वास्थ्य की कामना की जाएगी। मंदिरों में दिन भर मेला सा रहेगा।
डाबड़ी शीतला माता की धोक कल
जसवंतगढ| समीपस्थ ग्राम डाबड़ी में शीतला माता की धोक 16 मार्च को लगेगी। मंदिर के पुजारी प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि रविवार को शीतला के लगने वाले भोग बासी दलिया, लापसी, चावल, सांगरी, राबड़ी आदि बनाकर रखा जाएगा। सोमवार को अष्टमी के दिन शीतला माता मंदिर में भोग लगाया जाएगा। डाबड़ी मंदिर परिसर में जागरण 15 मार्च को रात्रि को लगेगा। डाबड़ी ग्राम में मंदिर विकास समिति द्वारा भीड़ को मद्देनजर रखते हुए पूरे इंतजाम किए गए हैं। इसी प्रकार जसवंतगढ़ जोधा नाड़ा तालाब के पास शीतला माता मंदिर में भी श्रद्धालुओं द्वारा सफाई व्यवस्था कर विशेष सजाया गया है।