- Hindi News
- National
- Parbatsar News Rajasthan News The Municipality Was Getting The Door Constructed With Inferior Material The Legislator Broke It
पालिका घटिया सामग्री से करवा रही थी द्वार निर्माण, विधायक ने तुड़वाया
परबतसर नगर पालिका की ओर से शहर के कुचामन बाइपास व किशनगढ़ बाइपास पर बनाएं जा रहे गणेश द्वार व वीर तेजाजी द्वार के निर्माण कार्य का शनिवार को विधायक रामनिवास गावड़िया ने निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों में अनियमितता पाए जाने पर विधायक गावड़िया ने पीडब्ल्यूडी व नगर पालिका के तकनीकी अधिकारियों को मौके पर बुलवाकर निर्माण की जांच करवाई।
इस दौरान फाउंडेशन में घटिया निर्माण पाए जाने पर विधायक ने पालिका अधिकारियों को मौके पर ही निर्माण हटाने के निर्देश दिए। इस पर अधिकारियों जेसीबी के सहायता से निर्माण कार्य हटवाया।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका की ओर से 37-37 लाख रुपए से शहर के किशनगढ़ बाइपास पर वीर तेजाजी द्वार व कुचामन बाइपास पर गणेश द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। शनिवार को विधायक रामनिवास गावड़िया ने द्वार का औचक निरीक्षण किया। जिसमें भारी अनियमितताएं पाई गई। घटिया निर्माण से नाराज विधायक ने मौके पर ही पालिका एईएन जयप्रकाश पालीवाल व पीडब्ल्यूडी एईएन बुलवाकर जांच कराई। इस दौरान उन्होंने घटिया निर्माण को लेकर पालिका अधिकारियों को फटकार लगाते हुए घटिया निर्माण को तुड़वाने के निर्देश दिए। इस पर पालिका अधिकारियों ने जेसीबी मंगवाकर द्वार निर्माण को लेकर बनाए जा रहे फाउंडेशन को तुड़वा दिया। इस दौरान फाउंडेशन में से महज बजरी व कंक्रीट ही नजर आई। विधायक ने निर्माणाधीन कार्यों में अनियमितताओं को देखकर नाराजगी प्रकट करते कहा कि नए सिरे से काम शुरू करवाया जाए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री ही उपयोग में लेने की हिदायत दी। इस दाैरान उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में निर्माण कार्यों में अनियमिताएं सहन नहीं होगी।
विधायक गावड़ियों ने निर्माण में ठेकेदार और लापरवाह अधिकारियों की भूमिका की जांच के दिए निर्देश
शहर में पालिका की ओर से कराए जा रहे द्वार निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग में लेने के मामले में ठेकेदार व पालिका अधिकारियों भूमिका को लेकर विधायक ने जांच शुरू करवाई है। विधायक गावड़िया ने बताया कि निर्माण कार्यों में कोताही नहीं बरतने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच करवाकर दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ताकि भविष्य में निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता पूर्ण हो सके।
चौपाटी का किया निरीक्षण: विधायक गावड़िया ने दूसरे द्वार का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही चौपाटी निर्माण का जायजा लिया। विधायक गावड़िया ने बताया कि आमजन की गाढ़ी कमाई से प्राप्त होने वाले राजस्व राशि से ही विकास कार्य स्वीकृत होते हैं। उनमें इस प्रकार की अवहेलना व भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार वर्तमान में भ्रष्टाचार के विरोध मे कार्य कर रही है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए।
परबतसर आंचलिक. किशनगढ़ बाइपास पर वीर तेजाजी द्वार के घटिया निर्माण को तुड़वाते विधायक।