पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Makrana News Rajasthan News The Young Man Injured On The Road Was Taken To Sdm Hospital Dr Compounder Not Found

सड़क पर घायल पड़े युवक को एसडीएम अस्पताल ले गए, डॉ.-कंपाउण्डर नहीं मिले

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

उपखण्ड के आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मनानी में चिकित्सक व कंपाउण्डर का बुधवार को बगैर किसी सूचना के नदारद रहना काफी भारी पड़ गया। सड़क पर घायल मिले मरीज को लेकर उपखण्ड अधिकारी सैय्यद शीराज अली जैदी दोपहर में करीब 3:30 बजे मनानी अस्पताल पहुंचे थे जहां प्रभारी डॉ. रीना बनिया एवं कंपाउण्डर हरिप्रसाद नहीं मिले। दोनों ने उच्चाधिकारियों को भी अनुपस्थिति को लेकर कोई सूचना नहीं दे रखी थी। जनता के लिए आवश्यक सेवाओं से जुड़े इस मामले में कोताही बरतने पर एसडीएम जैदी काफी नाराज हुए एवं उन्होंने डॉ. रीना बनिया के खिलाफ 16 सीसी में कार्रवाई को लेकर कलेक्टर नागौर को अनुशंषा भिजवाई है।

मामले के अनुसार एसडीएम जैदी बुधवार को रानीगांव की तरफ मतदान बूथों के निरीक्षण के लिए निकले थे। स्टेट हाइवे की तरफ वापसी के समय दोपहर करीब 3:15 बजे उन्हें मनानी गांव के पास सड़क पर एक युवक राकेश नायक पुत्र लक्ष्मण राम निवासी मनानी घायल अवस्था में पड़ा हुआ मिला। उसकी बाइक को एक वैन ने टक्कर मार दी थी। एसडीएम ने घायल को अपनी जीप में डालकर मनानी के आदर्श पीएचसी पहुंचाया। नर्सिंग स्टॉफ से डॉक्टर को बुलाने को कहा तो उन्होंने डॉक्टर के मौजूद नहीं रहने की बात बताई। इस पर बीसीएमओ डॉ. नरेन्द्र चौधरी को डॉ. रीना की लापरवाही के बारे में बताया जिस पर उन्होंने तुरंत कालवा पीएचसी से डॉ. रामनिवास को मनानी भेजा। घायल राकेश के सिर में चोट लगी, जिस पर डॉ. रामनिवास ने प्राथमिक उपचार के बाद मकराना सीएचसी रैफर कर दिया।

अस्पताल में क्वार्टर बने हैं मगर डॉक्टर नहीं रहते

मनानी आदर्श पीएचसी में डॉक्टर्स के निवास के लिए अच्छे क्वार्टर बने हुए हैं। डॉ. रीना कुचामन से मनानी आवागमन करती है। बगैर उच्चाधिकारियों को अवगत कराए अस्पताल से गायब रहने को एसडीएम ने गंभीर माना है। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में ही अच्छे क्वार्टर बने हुए हैं, जहां पर डॉक्टर को रहना चाहिए ताकि जनता को दुर्घटना व बीमारी की स्थिति में परेशान नहीं होना पड़े। एसडीएम ने बताया कि डॉक्टर बगैर किसी परमिशन के मुख्यालय नहीं छोड़ सकते। यह गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है। आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बिगड़ी व्यवस्था वाकई गंभीर है।

उल्लेखनीय है कि सड़क पर दुर्घटना के बाद जब उपखंड अधिकारी घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां अव्यवस्थाओं पर भी उपखंड अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर व कंपाण्डर बगैर बताए अनुपस्थित है, यह वाकई में बहुत बड़ी लापरवाही है। इसके बाद उचित कार्रवाई को लेकर उपखंड अधिकारी मकराना ने नागौर कलेक्टर को इस पूरे मामले से भी अवगत करवाया।

मकराना. दुर्घटना में घायल राकेश।
खबरें और भी हैं...