- Hindi News
- National
- PHEE News Rajasthan News There Is No Water Electricity And Phone In The Fire Station In Such A Situation The Operation Of Fire From The Municipality
फायर स्टेशन में पानी-बिजली व फोन ही नहीं ऐसे में नगर पालिका से दमकलों का संचालन
शहर में नया फायर स्टेशन बन जाने के बाद भी फायर ब्रिगेड आज भी नगर पालिका परिसर से ही संचालित हो रही है। एक माह पूर्व उप सचेतक महेंद्र चौधरी ने नए फायर स्टेशन का उद्घाटन कर दिया मगर पालिका प्रशासन इस फायर ब्रिगेड को पुराने भवन यानि पालिका परिसर के दड़बानुमा एक छोटे से कमरे से ही संचालित कर रहा है। गौरतलब है कि नगरपालिका ने छह माह पूर्व राजकीय पीजी कॉलेज के पीछे ग्राउंड के पास एक शानदार फायर स्टेशन बनाया था। जिसका विगत 16 फरवरी 2020 को ही उप सचेतक महेंद्र चौधरी ने समारोहपूर्वक फीता काटकर उद्घाटन भी कर दिया। उद्घाटन को एक माह होने जा रहा है मगर इसके बावजूद फायर स्टेशन अभी भी नगरपालिका परिसर से ही संचालित हो रहा है। जहां फायर कर्मियों के बैठने तक ही व्यवस्था नहीं है। जानकारों की मानें तो पानी-बिजली व टेलीफोन कनैक्शन नहीं होने के कारण फायर ब्रिगेड की नए फायर स्टेशन भवन में शिफ्टिंग नहीं हो पा रही है। इस कारण नया फायर स्टेशन सूना पड़ा है और उधर दमकल गाड़ी पालिका परिसर में जगह घेर रही है।
पालिका परिसर में कार्मिकों के लिए पर्याप्त व्यवस्था ही नहीं
मेड़ता शहर में अलग से फायर स्टेशन की दरकार बरसों से महसूस हो रही थी। करीब दो साल पहले यहां फायर स्टेशन के लिए 25 लाख रुपए मंजूर हुए। छह माह पूर्व कॉलेज ग्राउंड के पास शानदार फायर स्टेशन का निर्माण भी किया गया। यहां वाटर टैंक सहित दोनों दमकल गाड़ियों को खड़ी करने का पर्याप्त स्थान भी मौजूद है जबकि बरसों से पालिका परिसर में खड़ी हो रही दमकल के लिए वहां कोई जगह ही नहीं है। कर्मचारी भी पालिका परिसर के एक दड़बेनुमा कमरे में बैठते हैं।