- Hindi News
- National
- Bar News Rajasthan News 22 Farmers On Land Samadhi For Three Days Warning Till Today One Solution Will Not Take Tough Decision
तीन दिन से 22 किसान भूमि समाधि पर, चेतावनी- अाज एक बजे तक समाधान नहीं ताे लेंगे कड़ा फैसला
दादाल ग्राम पंचायत में भारतमाला परियोजना को लेकर किसानों का महापड़ाव बुधवार को 13वें दिन भी जारी रहा। काफी संख्या में किसानों का आमरण अनशन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इधर, 22 किसानों ने आंदोलन स्थल पर ही भूमि समाधि ले रखी है। महापड़ाव पर माैजूद किसानों ने सरकार को चेतावनी दी है कि गुरुवार दोपहर तक किसानों की मांगें नहीं मानी तो किसानों द्वारा कड़ा फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि भारतमाला परियोजना को लेकर प्रदेशभर के किसान प्रदेश से गुजरने वाले दो एक्सप्रेस-वे के विरुद्ध में किसान पिछले करीब 90 दिन से उपखंड कार्यालय के आगे धरना प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं, पिछले 13 दिनों से बागोड़ा के पास दादाल प्रदेशभर के कई जिलों से सैकड़ों किसान महापड़ाव में पहुंचकर आंदोलन कर रहे हैं।
16 मार्च को मांगेंगे इच्छा मृत्यु, बड़ी संख्या में किसानाें काे बुलाया : महापड़ाव में किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने मांगें नहीं मानी तो 16 मार्च को बड़ी संख्या में किसान इच्छा मृत्यु मांगेंगे। किसान नेता रमेश दलाल ने 16 मार्च को आंदोलन में अधिक से अधिक किसानों को पहुंचने का आह्वान किया है।
13 दिन से चल रहा किसानों के महापड़ाव के दौरान 6 महिला किसान भी भूमि समाधि पर
कलेक्टर गुप्ता ने की किसान प्रतिनिधियों के साथ वार्ता
सोमवार को कलेक्टर हिमांशु गुप्ता के साथ भूमि बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश दलाल सहित किसान प्रतिनिधियों की वार्ता हुई। इस दौरान किसान प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी मांगाें को रखकर राज्य सरकार को भेजकर इन्हें शीघ्र ही पूर्ण करवाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर को दादाल में चल रहे महापड़ाव को शांतिपूर्वक जारी रखने का आश्वासन भी दिया। वार्ता के दौरान उनके साथ एसपी हिम्मत अभिलाष टांक, एडीएम छगनलाल गोयल, एएसपी सत्येेंद्रपाल सिंह, सायला एसडीएम गोमती शर्मा, बागोड़ा एसडीएम मृदुला शेखावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
आज दोपहर तक फैसला लेने की चेतावनी
किसानों एवं प्रशासन से लगातार वार्ता हो रही है। सोमवार को भी दोनों के बीच वार्ता हुई, लेकिन सफल नहीं हो सकी। बुधवार को धरना स्थल से किसान नेता भारत भूमि बचाओ संघर्ष समिति के रमेश दलाल ने संबोधित करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि गुरुवार दोपहर तक राज्य की सरकार किसानों की मांगों पर सहमति नहीं देगी, तो किसान दाेपहर 1 बजे से कड़ा फैसला लेंगे।
तीन मांगों को लेकर हो चुकी है वार्ता
महापड़ाव के 13 दिनों के भीतर अब तक किसानों के प्रतिनिधिमंडल व अधिकारियों के बीच कई बार वार्ता हो चुकी हैं। पहले कलेक्टर से वार्ता होने के बाद, अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ किसानाें की बैठक हुई। इसके बाद संभागीय आयुक्त बीएल कोठारी ने भी बागोड़ा पहुंचकर किसानों से वार्ता की कोशिश की। सोमवार को कलेक्टर से फिर वार्ता हुई, लेकिन अभी तक काेई नतीजा नहीं निकला।
महापड़ाव में लगातार तीन से कई किसान आमरण अनशन पर बैठे हैं। दादाल में चल रहे महापड़ाव में 22 किसानों ने भूमि समाधि भी ली है, जिनमें 6 महिलाएं भी शामिल हैं। रविवार शाम को महापड़ाव स्थल पर जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर भूमि समाधि लेने की घोषणा की गई थी, उसके बाद से 22 किसान भूमि समाधि पर बैठे हैं। फोटो| भास्कर