कार पलटी, बालिका की मौत
पाली-अहमदाबाद नेशनल हाईवे 162 पर गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र में रामपुरा की ढाणी के निकट शनिवार दोपहर में अचानक बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार में सवार बालिका की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता व बहन घायल हो गए।
घायलों को पाली में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जो बच्ची का शव लेकर अजमेर चले गए। गुड़ा एंदला थाना प्रभारी चंद्रसिंह भाटी ने बताया कि अजमेर के निकट खानपुरा निवासी अकरम खान अपनी प|ी बिलावा, पुत्री अलवीरा (11) व अफरोज के साथ कार में शनिवार दिन में अजमेर से अहमदाबाद जा रहा था। गुंदोज के आगे रामपुरा की ढाणी सरहद में कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। सूचना पाकर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घायल माता-पिता व उनकी दोनों पुत्रियों को पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने अकरम की पुत्री अलवीरा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया।