- Hindi News
- National
- Pali News Rajasthan News Carena Virus Medical Department Team Will Introduce Methods Of Rescue
काेराेना वायरस : चिकित्सा विभाग की टीम ने लाेगाें काे बताए बचाव के तरीके
रेपिड रेस्पॉन्स टीम का किया गठन, स्कूलाें में जाकर करेंगे जागरूक
जिले में कोरोना वायरस से बचाव एवं उपचार के लिए जागरुकता अभियान के अंतर्गत सभी सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों एवं शहरी क्षेत्रों में चिकित्सा विभाग द्वारा घर-घर सर्वे एवं जागरुकता संदेश दिए जा रहे हैं। चिकित्सा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के निर्देशानुसार जिले के सभी मेडिकल एवं नाॅन पैरामेडिकल स्टाफ के अवकाश निरस्त किए गए हैं। सीएमएचओ डाॅ. आरपी मिर्धा ने बताया कि सार्वजनिक स्थल रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं जिला चिकित्सालय में आईडीएसपी टीम द्वारा आमजन को जागरुक करने के लिए पैम्पलेट्स बांटे जा रहे है। साथ ही व्यक्तिगत रूप से बचाव व उपचार के संदेश दिए जा रहे हैं।
चिकित्सा विभाग करेगा विद्यालयों व घर-घर जाकर जागरूक : टीम बुधवार से विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं को कोरोना वायरस के बारे में बताएगी। साथ ही बचाव व उपचार कैसे किया जाता है, इसकी की भी जानकारी दी जाएगी। एएनएम प्रशिक्षण संस्थान की पांच-पांच छात्राओं की 5 टीम बनाकर शहरी क्षेत्रों में घर-घर भ्रमण कर जानकारी दी जाएगी। साथ ही शहरी स्वास्थ्य केंद्राें के हेल्थ मैनेजर को पाबंद किया गया है कि शहरी आशाओं के द्वारा आंगनबाड़ी केंद्राें एवं संबंधित वार्डों में घर-घर जाकर जागरूकता के लिए पत्र बांटे जाएंगे। ब्लाॅक मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले सभी राजकीय व निजी विद्यालय, छात्रावास, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पतालाें में आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से कोरोना वायरस से बचाव व उपचार की जानकारी दी जाएगी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की आरआरटी टीम गठित
चिकित्सा विभाग के एसीएस के निर्देशानुसार जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की रेपिड रेस्पॉन्स टीम का गठन किया गया है, जिसमें डिप्टी सीएमएचओ डाॅ. विकास मारवाल को जिला सर्विलांस ऑॅफिसर नियुक्त किया गया। इसी आरआरटी में मेडिकल काॅलेज के फिजिशियन डाॅ. वीरेंद्र चाैधरी, शिशु रोग विशेषज्ञ डाॅ. आरके विश्नोई, माइक्रोबायोलॉजिस्ट डाॅ. संजीव आहूजा, एमडी (पीएसएम) डाॅ. संजय चौधरी एवं एपेडेमियोलॉजिस्ट डाॅ. अंकित माथुर है। कोई भी व्यक्ति विदेश यात्रा करके आता है तो जिला कंट्रोल रूम नंबर 02932-257555 एवं 6350292779 पर तुरंत सूचना दें।
महिलाओं को कोरोना वायरस बचाव के बारे में जानकारी देते अधिकारी।