दैनिक भास्कर से विशेष अनुबंध के तहत
अमेरिका से हुए करार में संवर्धन की सीमा 3.7% थी, अब ये समझौता खत्म
तेहरान | ईरान ने कहा है कि वह चार साल पहले हुआ परमाणु करार तोड़ रहा है। इसी के साथ उसने ऐलान किया कि वह समझौते के तहत लागू यूरेनियम उत्पादन की सीमा से ज्यादा उत्पादन करेगा। ईरान के उप विदेश मंत्री अब्बास अरगची ने रविवार को कहा कि ईरान अब भी चाहता है कि परमाणु समझौता बना रहे। पर यूरोप के देश अपनी प्रतिबद्धता से पीछे हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने यूरोपीय देशों को प्रतिबंधों में राहत देने और करार आगे बढ़ाने के लिए 60 दिन का समय दिया था। यह वक्त गुजर चुका है। अब हम तय सीमा 3.7% से कहीं ज्यादा यूरेनियम का संवर्धन करेंगे। इस घोषणा के बाद ही ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने कहा कि हम यूरेनियम उत्पादन बढ़ाने के राष्ट्रपति रूहानी के आदेश पर कुछ ही घंटे में अमल शुरू कर देंगे। अमेरिका ने ईरान के साथ 2015 में एटमी करार किया था। इसे राष्ट्रपति डाेनाल्ड ट्रम्प ने 2018 में तोड़ दिया था। तभी से दोनों देशों में तनाव है।
मैक्रों ने रूहानी से कहा- 15 तक बात शुरू करें
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शनिवार को ही ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी से फोन पर परमाणु समझौते के उल्लंघन पर चिंता जताई थी। मैक्रों ने उनसे कहा था कि परमाणु समझौते पर 15 जुलाई तक नई बाचतीत शुरू कर सकते हैं। इससे भी रूहानी का रुख नहीं बदला।