- Hindi News
- National
- Pali News Rajasthan News Police On Holi In The City For Three Days On Holi
होली पर तीन दिन तक शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस
एसपी राहुल कोटोकी ने पाली, सोजत तथा जैतारण क्षेत्र का दौरा कर रोडमैप तैयार किया
होली पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसपी राहुल कोटोकी ने रविवार को पाली, सोजत तथा जैतारण का दौरा कर रोडमैप तैयार किया। स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की। शहर में इस बार 500 का जाब्ता तैनात रहेगा। वहीं सोजत में 300 तथा जैतारण में 200 का जाब्ता हर पल चौकस रहेगा। खास बात यह है कि पिछली बार की तरह 20 प्रतिशत अधिक जाब्ता लगाया गया है। होली को लेकर समूचे जिले में 9 से 11 मार्च तक तीन दिन के लिए जिले में कानून- व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील माने जाने वाले सोजत, जैतारण, बाली, कुशालपुरा, लांबिया, बगड़ी व सुमेरपुर समेत अन्य इलाके में ऐहतियात के तौर पर पुलिस की गश्त तेज कर दी गई है। एसपी राहुल कोटोकी ने बताया कि तीन दिन तक चलने वाले किसी रंगोत्सव में किसी भी अप्रिय वारदात से निबटने के लिए जिलेभर में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पाली शहर में नया गांव, पणिहारी तिराहा, हाउसिंग बोर्ड व मंडिया रोड पर 24 घंटे नाकाबंदी के लिए जाप्ता तैनात रहेगा। होली दहन को लेकर शहर में 20 जगहों पर फिक्स पिकेट्स बनाए गए हैं, जबकि धुलंडी के दिन 16 और बादशाह की सवारी वाले दिन 14 जगहों पर अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया है। चार मोबाइल पार्टी शहर में दिन-रात गश्त करेगी। सोजत में करीब दो सौ पुलिसकर्मियों का जाब्ता दिन-रात गश्त करेगा।
शहर की गांव शाही गेर में ड्रोन से होगी निगरानी, 300 का जाब्ता : एसपी के अनुसार धुलंडी के दिन शहर के भीतरी इलाकोें से गुजरने वाली गांव शाही गेर को लेकर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। साथ ही 300 का जाब्ता भी तैनात रहेगा। पूरी व्यवस्था के प्रभारी एएसपी रामेश्वरलाल मेघवाल होंगे। वहीं दोनों सीओ के अलावा सर्किल के एसएचओ भी यहां पर ही तैनात रहेंगे। रविवार को एसपी ने गांव शाही गेर निकलने के रूट का अवलोकन किया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि शहजाद खान की अगुवाई में मोजिज लोगों ने भी एसपी से मुलाकात कर उनको शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरा भरोसा दिलाया।