- Hindi News
- National
- Pali News Rajasthan News Spoken Sp Kotoki Said Loose Policing Should Not Be Tight Otherwise You Will Have To Inject Strength
तल्ख हुए एसपी कोटोकी, कहा-ढीली पुलिसिंग नहीं चाहिए टाइट हो जाओ, नहीं तो ताकत का इंजेक्शन लगाना पड़ेगा
सात दिन के कार्यकाल के बाद एसपी राहुल कोटोकी शुक्रवार को अपने तेवर में नजर आए। शुक्रवार को उन्होंने सबसे पहले पुलिस कंट्रोल रूम में पाली शहर की गश्त व्यवस्था में नियुक्त अभया स्क्वॉयड में शामिल महिला पुलिसकर्मियों, बाइक पर गश्त करने वाले चेतक मोबाइल दल तथा फ्लाइंग मोबाइल पार्टी में शामिल पुलिसकर्मियों की क्लास ली। एसपी ने गश्ती दल में शामिल इन सभी पुलिसकर्मियों पर फटकार लगाते हुए कहा कि सात दिन में वे भी शहर में कई बार घूमे हैं, लेकिन उनको गश्त करते नहीं देखा। एसपी ने उनको कहा कि ढीली गश्त क्यों करते हो, क्या आपको ताकत का इंजेक्शन लगाना पड़ेगा। एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अफसरों को ताकीद किया कि शहर की गश्त व्यवस्था को सुचारू करने के लिए प्रभावी तरीके से मॉनिटरिंग करे, ताकि घटना-दुर्घटना को रोका जा सके। इस दौरान एसपी ने यातायात पुलिस के इंटरसेप्टर वाहन का निरीक्षण किया और जब उनको पता चला कि वाहन में मशीनी उपकरण में तकनीकी खराबी है तो उन्होंने नई इंटरसेप्टर वाहन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
परिवादियों के लिए स्वागत कक्ष, पुलिसकर्मियों के लिए काॅन्फ्रेंस रूम बनेगा : एसपी ने अपने कार्यालय में परिवाद कक्ष को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसपी कार्यालय तक आने वाले परिवादियों के बैठने के लिए स्वागत कक्ष को और ढंग से बनाया जाएगा। थानों में आने वाले परिवादियों का भी रिकाॅर्ड संधारण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। पुलिस लाइन में स्टेट ऑफ आर्ट की तर्ज पर काॅन्फ्रेंस रूम बनाने के साथ ही स्टाफ क्वार्टर में भी बेहतर सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही थानों में दर्ज प्रकरणों के निस्तारण के साथ ही रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था को लेकर एसपी दिशा निर्देश देंगे। जिले में बजरी माफिया के साथ संगठित माफिया के रुप में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रुप से शह देने वाले लोगों की पहचान करने तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश के लिए भी एक्शन प्लान पुलिस अफसरों
को बताया।
जो काम नहीं करेंगे, उनकी जगह पुलिस लाइन में है, बेहतर काम करने वाले सही जगह भेजे जाएंगे
इसके बाद एसपी कोटोकी कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के पुलिस अफसरों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि ढीली पुलिसिंग उनको नहीं चाहिए और न ही ऐसी कार्यप्रणाली चलेगी। उन्होंने अफसरों को साफ शब्दों में कहा कि जो काम नहीं कर रहे हैं, उनको पुलिस लाइन में भेज दिया जाएगा। और जो बेहतर काम करने के इच्छुक हैं, उनको सही जगह पर भेजा जाएगा। एसपी ने कहा कि वे यह कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे कि जनता से लूट खसोट हो और पुलिस हाथ धरकर बैठी रहे। इसके लिए थानों में बीट कांस्टेबल से लेकर थाना प्रभारी नियमित गश्त करें और ज्यादा से ज्यादा समय पब्लिक के बीच गुजारें, ताकि अपराधों पर अंकुश और अपराधियों के बारे में तुरंत ही सूचना मिले। ढाई घंटे चली बैठक में पाली एएसपी रामेश्वरलाल व बाली एएसपी ब्रजेश सोनी ने जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए चल रहे प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में जिले के सभी वृत्ताधिकारी, थाना प्रभारी तथा एसपी कार्यालय के सभी शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
पाली. जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक लेते एसपी कोटोकी।