सेंटर व साइन में नहीं होगा बदलाव
जेईई-मेन अप्रैल-2020
कोटा | इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन के अप्रैल फाॅर्म भरने की अंतिम तिथि के बाद इस दाैरान हुई गलतियों में सुधार का विकल्प जेईई मेन वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। इस विकल्प पर जाकर संबंधित स्टूडेंट्स फाॅर्म के दौरान हुई गलतियों में सुधार कर सकते हैं। इसमें वे सभी स्टूडेंट्स शामिल होंगे जिन्होंने जनवरी में परीक्षा देने के बाद अप्रैल में आवेदन किया है या केवल अप्रैल परीक्षा के लिए ही आवेदन किया है। करेक्शन के दौरान स्टूडेंट्स परीक्षा केंद्राें, फोटो एवं हस्ताक्षर के अतिरिक्त स्वयं के नाम, माता-पिता के नाम, स्टेट ऑफ एलेजिबिलिटी, जन्म दिनांक, कोर्स, कैटेगिरी, दसवीं-12वीं की परीक्षा संबंधी जानकारी अाैर अपलोड किए गए डाॅक्यूमेंट्स में आवश्यकतानुसार बदलाव कर सकते हैं। स्टूडेंट्स स्वेच्छा के अनुसार पूर्व में आवेदन के दौरान चुनी गई, बीई-बीटेक या बीआॅर्क परीक्षा में बदलाव कर दोनों परीक्षाओं के लिए अतिरिक्त परीक्षा शुल्क का भुगतान कर आवेदन कर सकते हैं। स्टूडेंट्स के पास करेक्शन के लिए यह अंतिम अवसर है। इसके बाद मौका नहीं मिलेगा।