पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Arnod News Rajasthan News Permanent Warranty On The Police Team Arrested For Firing Jawan Injured Accused Escaped

गिरफ्तार करने आई पुलिस टीम पर स्थायी वारंटी ने की फायरिंग, जवान घायल, आरोपी भाग गया

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई प्रकरणों में वांछित स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर फायरिंग कर अभियुक्त फरार हो गया। थानाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि प्रतापगढ़ थाना कोतवाली में 2 प्रकरणों में स्थाई वारंटी, एक-एक प्रकरण अरनोद और जावरा में स्थाई वारंटी तथा अरनोद थाने के हिस्ट्रीशीटर रेहान पुत्र रईस अहमद पठान निवासी नोगांवा पर हत्या का प्रयास, डराना-धमकाना, अवैध वसूली सहित कई अन्य प्रकरण लंबित हैं। मंगलवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त अरनोद की तरफ आ रहा है। इस पर शाम करीब 4 बजे थानाधिकारी दीपक कुमार अन्य पुलिसकर्मी नोगांवा की तरफ जा रहे थे। इस दौरान पुलिस को पीछा करता देख कर आरोपी कार में अपने भाई सलमान और अन्य साथियों के साथ देवल्दी गांव की तरफ भाग गया और कच्चे रास्ते होते हुए ओझल हो गया। इस पर थानाधिकारी ने पुलिस टीम को अलग-अलग टुकड़ियों में रवाना कर आरोपी को पकड़ने के लिए कहा। एक मोटरसाइकिल पर प्रेमराज व कांस्टेबल रामवतार उसे ढूंढ़ने निकले। स्वयं को पहचाने जाने और गिरफ्तार हाेने के भय से आरोपी कार छोड़कर बाइक लेकर आया और पीछा नहीं करने का भय दिखाने के लिए उसने बाइक सवार पुलिस पर पीछे से देसी कट्टे से फायर किया। जिसमें कांस्टेबल रामावतार के दाहिने हाथ की छोटी अंगुली में गोली लगी। जवाब में पुलिस ने भी फायर किए, लेकिन आरोपी भाग छूटा।

विधायक रामलाल मीणा और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य सुरेंद्र चंडालिया जिला चिकित्सालय पहुंचे और घायल कांस्टेबल की कुशलक्षेम पूछी। विधायक ने कहा कि पुलिस को जो भी कदम उठाना पड़े, वह उठाए। अपराध खत्म होना चाहिए।

भाजपा ने सरकार पर साधा निशाना: सख्त कार्रवाई की मांग

प्रतापगढ़। अरनोद तहसील के नोगांवा में एक स्थायी वारंटी की तलाश में गए एक पुलिसकर्मी पर अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग की घटना शर्मनाक और कांग्रेस सरकार पर तमाचा है। इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया जाना इन बेख़ौफ़ अपराधियों के बुलंद हौंसलों को दर्शाता है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल कुमावत के निर्देशानुसार भाजपा जिला मीडिया प्रमुख महेश शर्मा ने बताया कि आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय के मूलमंत्र का ईमानदारी से पालन करने वाली राजस्थान पुलिस अपना कार्य पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ करना चाहती है, लेकिन अपराधियों को राजनैतिक संरक्षण मिल रहा है। राज्यपाल से भाजपा इस उम्मीद के साथ पुरजोर शब्दों में निवेदन करती है कि अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन को खुली छूट दी जाए।

अरनोद. घायल सिपाही के साथ मौजूद पुलिसकर्मी (बाएं), सिपाही से कुशलक्षेम पूछते विधायक(दाएं)।
खबरें और भी हैं...