- Hindi News
- National
- Rajsamand News Rajasthan News Memorandum To The Collector On Finding More Lead In The Body Of Workers
श्रमिकों के शरीर में लेड ज्यादा मिलने के मामले में कलेक्टर को ज्ञापन
राजसमंद | दरीबा में वेदांता समूह के लेड प्लांट में काम करने वाले श्रमिकों के शरीर में लेड की मात्रा ज्यादा होने के मामले में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलेक्टर अरविंद पोसवाल काे ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में आरोप लगाया है कि राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी ने यह मुद्दा राजनीति से प्रेरित होकर विधानसभा में उठाया है। उन्होंने इस मसले को राजनीतिक रंग देने करने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने, श्रमिकों के स्वास्थ्य के लिहाज से ठोस कदम उठाने की मांग की है। नगर परिषद के प्रतिपक्ष नेता अशोक टांक, पूर्व सभापति आशा पालीवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष नारायणलाल सुथार, पार्षद ब्रजेश पालीवाल, हेमंत रजक, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश भार्गव, युवक कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हरजेन्द्र चौधरी का कहना है कि जिंक का यह लेड प्लांट कई साल से चल रहा है, लेकिन इससे पूर्व प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के कारण विधायक माहेश्वरी ने यह मुद्दा नहीं उठाया। विधायक ने इससे पहले कभी भी प्लांट के श्रमिकों के शरीर में शीशे की मात्रा बढ़ने का न तो विरोध किया और ना ही किसी स्तर पर मुद्दा उठाया। कांग्रेस के पदाधिकारियों ने श्रमिकों के हित को ध्यान में रखते हुए समस्या का हल निकालने की बात कही।