- Hindi News
- National
- Khamnor News Rajasthan News People Said There Is No Doctor Available In The Hospital Drinking Water Problem Not Getting The Benefit Of Pradhan Mantri Awas Yojana
लोग बोले, अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलता, पीने के पानी की दिक्कत, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा
क्षेत्र के फतेहपुर गांव में बुधवार को रात्रि चौपाल हुई। कलेक्टर अरविंद पोसवाल चाैपाल में नहीं अाए। इस पर खमनोर पंचायत समिति के पंचायत प्रसार अधिकारी प्रेम शंकर जोशी ने लाेगाें की समस्याएं सुनीं।
जोशी ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से कहा कि लोगों को सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी तरह मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लोगों को जागरूक होना जरूरी है। चाैपाल शाम 7 बजे शुरू हुई, लेकिन बड़े अधिकारियों के नहीं आने से आधा घंटे में खानापूर्ति करके रात्रि चौपाल को समाप्त कर दिया गया। चौपाल में फतेहपुर सरपंच जगन्नाथ प्रसाद डागलिया ने फतेहपुर पीएचसी पर चिकित्सा अधिकारी के समय पर नहीं मिलने से मरीजों को इलाज नहीं मिलने की शिकायत की। बताया गया कि कामा पीएचसी 6 महीने से बंद पड़ी है। इस पर ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी मीठा लाल मीणा ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रतिनियुक्तियों पर रोक लगा रखी है। नई भर्ती होने के बाद एएनएम को लगाया जाएगा। तब तक पास के सब सेंटर से सप्ताह में दो दिन किसी अन्य एएनएम को भेजने का निर्णय लिया गया। पंचायत के राजस्व गांव छपरा, राती तलाई के बाघेरी योजना से वंचित होने और पीने के पानी की समस्या की शिकायत पर पीएचईडी के अधिकारियों ने दोनों राजस्व गांवों में 2 महीने में पानी पहुंचा देने की बात कही। चौपाल में केसू लाल गमेती ने कहा कि सरकार की योजनाओं की ग्रामीणों तक जानकारी नही पहुंच पाती है। इस कारण वे योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। इस पर पंचायत प्रसार अधिकारी ने सभी विभाग के स्तर पर गांवों में कैंप लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने, पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की बात कही। कामा के लोगों ने बताया कि कामा अस्पताल के पास सरकारी बिलानाम जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों ने रोड़ियां डालकर कब्जा कर रखा हैै। इस पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने अतिक्रमियों को पाबंद करने की बात कही। मिट्ठू बाई ने कहा कि वह बीपीएल परिवार से है और पंचायत में शौचालय का लाभ लेने के लिए चार बार फार्म भर कर जमा करवा चुकी है, लेकिन अब तक उसे योजना का लाभ नहीं मिला है। इस पर ग्राम विकास अधिकारी को जांच कर लाभार्थी को योजना का लाभ दिलवाने के निर्देश दिए। चौपाल के अंत में अतिथियों का सरपंच ने उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान उपसरपंच शंकर दास वैष्णव, सीडीपीओ विपुल जोशी, पशु चिकित्सक कुलदीप कौशिक, एईएन सत्यनारायण सांचोरा, मांगीलाल मादरेचा, कालू लाल नागदा सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
खमनोर. फतेहपुर में हुई रात्रि चाैपाल में अधिकारियों को अपनी समस्याएं बताते हुए लोग।