दो सड़क दुर्घटनाओं में 10 घायल
मलारना डूंगर क्षेत्र में गुरुवार को दो अलग-अलग जगह हुई सड़क दुर्घटनाओं में 10 लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उपचार किया गया।
भाड़ौती-गंगापुर मेगा हाइवे पर गुरुवार को दो कारों की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में सात लोग घायल हो गए। सभी को मलारना डूंगर सीएचसी लाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सवाई माधोपुर के सामान्य चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। शेषा गांव से कार में सवार कुछ लोग मलारना डूंगर आ रहे थे, वहीं दूसरी कार सवाई माधोपुर से गंगापुर जा रही थी। मेगा हाइवे पर दोनों कारों में भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में रशीद, शाकिर, शकील, सद्दाम, हई, साजिद निवासी मलारना डूंगर व सोहेल निवासी सरमथुरा घायल हो गए। घायलों को ग्रामीण कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उनको सवाई माधोपुर के लिए रेफर कर दिया। बाटोदा गांव के पास हुई बाइक दुर्घटना में दो छात्राओं सहित तीन घायल हो गए। विनोद निवासी बरनाला के साथ रीना व अनिता बोर्ड परीक्षा देने के लिए बरनाला से बाटोदा आ रहे थे। रास्ते में श्वान के आ जाने से बाइक चालक अपना सन्तुलन खो बैठा, जिससे बाइक गिर गई और तीनों घायल हो गए। घायलों का कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर उपचार के लिए लाया गया।