- Hindi News
- National
- Sawai Madhopur News Rajasthan News District Election Officer Took Stock Of Election Preparations In Khilchipur
जिला निर्वाचन अधिकारी ने खिलचीपुर में लिया चुनाव तैयारियों का जायजा
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) डॉ. एस.पी. सिंह बुधवार को सवाई माधोपुर पंचायत समिति के खिलचीपुर गांव में पहुंचे। यहां पंचायत चुनाव के लिए बनाए गए मतदान केन्द्र तथा मतदान केन्द्र पर आवश्यकता की सुविधाओं, शौचालय, पेयजल, रोशनी आदि के संबंध में बीएलओ एवं अन्य उपस्थित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने खिलचीपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए जाने वाले मतदान केन्द्र के पहुंचने का रास्ता सुगम करने, रोशनी की समुचित व्यवस्था किए जाने, मतदान केन्द्र का विवरण आदि के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने रैंप तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त कर उपखंड अधिकारी को मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने राजीव गांधी सेवा केन्द्र पर ग्रामीणों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शिता के साथ पंचायत चुनाव करवाने के लिए प्रशासन द्वारा पूरी तैयारियां की जा रही है। सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। उन्होंने ग्रामीणों से भी आग्रह किया कि चुनाव के दौरान आपसी सद्भाव, भाईचारा बनाए रखते हुए चुनाव कार्य को सम्पन्न करवाने में सहयोग प्रदान करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस मौके पर ग्रामीणों को चुनाव से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी। उन्होंने ग्रामीणों के सवाल एवं जिज्ञासाओं के जवाब देकर संतुष्ट किया। साथ ही चुनाव के संबंध में आमजन को भय मुक्त होकर मतदान करने की बात कही। उन्होंने चुनाव नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 07462-220201, 220956 की जानकारी देते हुए चुनाव संबंधी शिकायत हो तो नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर पर दर्ज करवाने की बात कही।