- Hindi News
- National
- Sawai Madhopur News Rajasthan News Educational Institutions Will Remain Closed Till March 30
30 मार्च तक बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान
विश्व स्वास्थ्य संगठन तथा संयुक्त राष्ट्र द्वारा कोरोना संक्रमण को महामारी घोषित करने तथा केन्द्र सरकार की ओर से जारी की गई एडवाइजरी के क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। इसी क्रम में जिले में 30 मार्च 2020 तक समस्त राजकीय एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय, कोचिंग संस्थान, मदरसे एवं अन्य समस्त प्रकार के शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। कलेक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने बताया कि इस अवधि के दौरान चल रही समस्त प्रकार की कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं एवं कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार यथावत संचालित होगी। गैर सरकारी विद्यालयों की बोर्ड के अलावा समस्त परीक्षाएं 30 मार्च 2020 के पश्चात संचालित होगी।
इस अवधि के दौरान संस्थाप्रधान एवं स्टाफ आवश्यक ऐहतियात बरतते हुए विद्यालय में उपस्थित रहकर बोर्ड संबंधी एवं शाला संबंधी आवश्यक कार्य सम्पादित करेंगे। खैरदा स्थित लवकुश कॉलोनी में शनिवार को आंगनबाडी कार्यकर्ता व सहायिका ने घर-घर जाकर महिलाओं को कोरोना वायरस से बचाव के प्रति जागरुक किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पोषण युक्त भोजन के बारे में भी जानकारी दी।
बरवाड़ा में कोरोना वायरस के चलते स्कूलों की छुट्टी, गांधी जन्म शताब्दी के कार्यक्रम भी रद्द
चौथ का बरवाड़ा| देश में तेजी से पैर पसारते कोरोनावायरस के प्रभाव का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। राज्य सरकार के निर्देश के तहत शनिवार को सुबह निजी व सरकारी विद्यालयों की छुटटी 30 मार्च तक कर दिए जाने पर सुबह स्कूल गए बालक वापस घरों को लौट आए। वहीं इस समय महात्मा गांधी की जन्मशताब्दी के तहत सात दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम तीसरे दिन शनिवार को रद्द कर दिए गए। ऐसे में शनिवार को कोई कार्यक्रम नहीं हो पाया तथा स्कूली बालकों की तैयारी धरी रह गई है। क्षेत्र में शनिवार को सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय अन्य दिनों की भांती खुले, लेकिन सुबह जब सूचना आई की सरकार ने 30 मार्च तक स्कूलों में बालकों की छुट्टी कर दी है तो बालकों को वापस घर भेजना पड़ा। पंचायत समिति में शनिवार को सरपंच संघ द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन भी किया जाना था, जिसे भी रदद कर दिया गया है।