पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Khandar News Rajasthan News Raised Money Without First Working Now Former Sarpanch Vdo Is Installing Water Cooler

पहले काम कराए बिना ही पैसा उठाया, अब वाटर कूलर लगा रहे पूर्व सरपंच-वीडीओ

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ग्राम पंचायत गोठड़ा में 5 वाटर कूलर लगाने के नाम पर सरकारी खजाने से ढ़ाई लाख रूपए की राशि उठाने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। तत्कालीन सरपंच व सचिव अपने नियम विरूद्ध कारनामों को छिपाने के लिए वाटर कूलर लगाने में जुट गए हैं। वहीं मामला उजागर होने के 9 दिन बाद गुरूवार को भी पंचायतीराज विभाग के अफसर दोषियों पर कार्रवाई करने के स्थान पर आंख मूंदकर बैठे हैं। ऐसे में गड़बड़ी करनेवालों के हौंसले बुलंद होने से पंचायतीराज विभाग में घोटालों की आशंका बढ़ गई हैं। दैनिक भास्कर ने 3 मार्च के अंक में गोठड़ा में 5 वाटर कूलर लगाए बिना ही सरपंच व सचिव ने सरकारी खजाने से उठा लिए ढाई लाख रूपए शीर्षक से विस्तृत समाचार प्रकाशित कर इस पूरे मामले का भंडाफोड़ किया था। इस पर ग्राम पंचायत के तत्कालीन जनप्रतिनिधियों एवं अफसरों द्वारा मामले को दबाने के लिए वाटर कूलर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गोठड़ा के तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी एवं सरपंच राजकीय कोष से पांच वाटर कूलरों के पैसे उठा चुके थे, लेकिन भास्कर में घोटाला उजागर होने के बाद मंसूबों पर पानी फिर गया।

पहला वाटर कूलर रामावि गोठड़ा पर रखा दूसरा वाजीतपुर हनुमानजी के यहां

पहला वाटर कूलर रामावि गोठड़ा पर रखा गया हैं और दूसरा वाजीतपुर हनुमानजी के यहां रखा हैं, जबकि शेष तीन वाटर कूलरों का अभी तक भी कोई पता नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वाटर कूलरों के साथ न
तो लोहे का स्टैंड व पानी की टंकी लगाई गई हैं और ना ही अभी तक भी बिजली कनेक्शन हुआ। ग्रामीणों ने इस मामले में जिला परिषद सवाईमाधोपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को भी शिकायत सौंपी है।


जांच में हो सकता है बड़ा खुलासा, पाक साफ दिखने वाले कई चेहरे बेनकाब हो सकते हैं

मेमराज चौधरी, विजेंद्र चौधरी, हनुमान, राजेंद्र सहित ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत गोठड़ा में वाटर कूलर घोटाले के साथ साथ कई ग्रेवल सड़कें, पानी की मोटरें सहित कई कार्यों में बड़ा घालमेल हुआ हैं। क्षेत्र में कई कार्यों का बिना कार्य करवाए ही फर्जी तरीके से एमबी भरकर भुगतान उठा लिया गया हैं। वहीं नियमों को धता बताकर कई फर्जी पट्‌टे भी जारी किए । ग्रामीणों ने बताया कि अगर इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए तो क्षेत्र में बड़ा घोटाला सामने आ सकता हैं। वहीं पाक साफ दिखने वाले कई चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।

मामला उजागर होने के 9 दिन बाद दोषियों पर कार्रवाई करने के स्थान पर कुछ नहीं

नियम विरुद्ध काटा चेक

ग्राम पंचायत गोठड़ा के वर्तमान ग्राम विकास अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत की कैशबुक में पूर्व सरपंच एवं ग्राम विकास अधिकारी द्वारा वाटर कूलर के नाम से ढ़ाई लाख रूपए का चैक काटा गया हैं, लेकिन आज तक भी उन्हें पूर्व सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी द्वारा न तो वाटर कूलरों को हैंडओवर किया गया हैं और ना ही उनकी कोई पत्रावली या बिल ग्राम पंचायत में मौजूद हैं। जबकि नियमानुसार पहले कार्य की प्रशासनिक स्वीकृत, इसके बाद तकनीकी तथा अंत में वित्तीय स्वीकृति जारी होनी थी। माल सप्लाई के बाद कार्य की सीसी और यूसी भी भरी जानी थी। तकनीकी अधिकारी द्वारा कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र जारी होने के बाद पंचायत समिति में राशि समायोजित होने के बाद चैक काटा जाना था।

हमें कोई सूचना दी गई है

पूर्व सरपंच एवं ग्राम विकास अधिकारी द्वारा क्षेत्र में वाटर कूलर लगाने के बारे में लोगों से सुन रहे हैं, लेकिन अभी न तो हमने वाटर कूलर देखे हैं और ना ही इस संबंध में अभी तक हमें कोई सूचना दी गई हैं।
कपिल गुप्ता,
ग्राम विकास अधिकारी, गोठड़ा

दोषियों पर कार्रवाई होगी

कोई भी ग्राम पंचायत बिना काम कराए चैक नहीं काट सकती। नियमानुसार पहले कार्य होता हैं, उसके बाद ही चैक काटा जाता हैं। अगर किसी ने बिना कार्य करवाए ही चैक काट दिया हैं तो वह गलत है। इस मामले की जांच करवाकर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जगदीश प्रसाद बैरवा,
विकास अधिकारी, पंचायत समिति खंडार

खंडार। गोठड़ा के हनुमानजी पर आनन फानन में रखा गया वाटर कूलर।
खबरें और भी हैं...