- Hindi News
- National
- Khandar News Rajasthan News The Team Reached The Information Of The Tiger Near Pauri Got The News
पांवड़ी के पास बाघ की सूचना पर पहुंची टीम, जरख मिला
रणथंभौर राष्ट्रीय अभयारण्य के बाघों का खौफ ग्रामीणों में कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। हालात यह है कि ग्रामीण अब दूसरे वन्य जीवों को भी बाघ समझने लगे है। गुरूवार को क्षेत्र में कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है।
वन विभाग ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा गुरूवार सुबह करीब 7 बजे खंडार सवाईमाधोपुर मार्ग पर पांवडी गांव के चौराहे के पास एक खेत में बाघ छिपा होने की उन्हें सूचना मिली थी। इस पर खंडार थाना पुलिस सहित क्षेत्रीय वनाधिकारी मोहनलाल गर्ग, बीट गार्ड भीम सिंह चौधरी, स्पेशल टाइगर ट्रेकिंग टीम के गिर्राज गुर्जर, नवल सहित वन विभाग की करीब 7 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची थी। ग्रामीणों द्वारा बताए गए खेत व इसके आसपास के पूरे इलाके की टीम द्वारा ट्रेकिंग की गई। इस दौरान वन विभाग की टीम को बाघ के पगमार्क नहीं मिलकर मौके पर जरख के पगमार्क मिले है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन रणथंभौर राष्ट्रीय अभयारण्य से बाघ व अन्य वन्य जीव निकलकर आबादी की ओर रूख कर रहे हैं, जिससे वह पूरी तरह से डरे हुए है। ग्रामीणों ने वन विभाग से अभयारण्य की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों की मरम्मत करवाने तथा उनकी ऊंचाई बढ़ाने के साथ साथ अभयारण्य के मेई कलां क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे पत्थरों के अवैध खनन को रोकने की मांग की है।