- Hindi News
- National
- Baler News Rajasthan News Water Spent In Tanks Created After Spending Lakhs Of Rupees Villagers Are Not Getting The Benefit
लाखों रु खर्च कर बनाई गई टंकियों में नहीं ठहरता पानी, ग्रामीणों को नहीं मिल रहा लाभ
विधानसभा क्षेत्र खंडार में जलदाय विभाग द्वारा लाखों रुपए खर्च कर ग्रामीणों को सुलभ पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पेयजल टंकियों का निर्माण करवाया गया, लेकिन विभागीय अनदेखी के चलते कई जगह पानी की टंकियों में गुणवत्ता को दरकिनार किए जाने से टंकियों से पानी का रिसाव हो रहा है। इससे टंकियों में पानी नहीं रूकने से ग्रामीणों को सरकार की मंशा के अनुरुप लाभ नहीं मिल पा रहा है। क्यारदा कलां पंचायत के ग्रामीण सीताराम, रामदयाल, कैलाश, कमलेश, हनुमान सहित ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जलदाय विभाग द्वारा बनाई पानी की टंकियों से पानी का रिसाव होने से लोगों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसी तरह कोसरा पंचायत के वीरपुर गांव के ग्रामीण सीताराम, जगदीश, रमेश, राधेश्याम, ओमप्रकाश, हनुमान सहित लोगों ने बताया कि जलदाय विभाग द्वारा गांव में बनाई गई पेयजल टंकियों में अनदेखी के चलते नियमानुसार पेयजल टंकियों का निर्माण नहीं हुआ है। ग्रामीणों की सुविधा के लिए गांवों में बनाई गई पानी की टंकियां सही नहीं बनने से लोगों के लिए इनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जलदाय विभाग द्वारा विधानसभा क्षेत्र खंडार में बनवाई गई पेयजल टंकियों में हुए घालमेल की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है। इस बारे में पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता सीताराम मीना का कहना है कि जिन-जिन भी जगहों पर पेयजल टंकियों में खामियां है, उन्हें दिखवाया जाएगा।
गुरु महाराज के स्थान पर दानपात्र से नकदी चोरी
भगवतगढ़ | निकटवर्ती ग्राम बंधा में गुरु महाराज के देवस्थान पर लगा दानपात्र का ताला तोड़कर चोर उसमें रखी धनराशि चुरा ले गए। गांव के बुद्धि प्रकाश ने बताया कि बुधवार की रात को चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। सुबह लोगों के गुरु महाराज के स्थान पर पहुंचने पर दानपात्र से चोरी की जानकारी मिली।
कोरोना वायरस से बचाव के लिए जागरुकता रैली निकाली
सवाईमाधोपुर। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रशिक्षण केंद्र की छात्राओं ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए जागरुकता रैली निकाली। रैली को डॉ. तेजराम मीना सीएमएचओ द्वारा हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया। सैयद बलीग़ अहमद, प्रिंसिपल एएनएमटीसी, सवाईमाधोपुर ने बताया कि महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रशिक्षण केन्द्र की छात्राओं ने जनजागरण के लिए कोरोना वायरस से बचाव के उपाय को लेकर जागरुकता रैली निकाली।
बालेर|क्यारदा कलां में जलदाय विभाग द्वारा बनवाई गई पानी की टंकी में हो रहा रिसाव, जिससे टंकी पूरी नहीं भर पाती है।