- Hindi News
- National
- Sriganganagar News Rajasthan News Aditya Gives New Energy To Organ Donation Campaign Gaid
आदित्य ने अंगदान मुहिम को नई ऊर्जा दी : गाैड़
आदित्य ने अंगदान कर जिले में ही नहीं बल्कि राज्य में अंगदान मुहिम को नई ऊर्जा दी है। धन्य हैं माता-पिता व अन्य परिजन जिन्होंने यह निर्णय लिया और आदित्य को नई पहचान दिलाई। निश्चित ही यह कदम सराहनीय ही नहीं बल्कि व्यापक जागरुकता पैदा करने वाला है। हम आदित्य व उसके परिजनों के इस योगदान को कभी नहीं भूल सकते और प्रशासन हर स्तर पर इस मुहिम काे आगे बढ़ाएगा। ये विचार बुधवार को विधायक राजकुमार गौड़ व कलेक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते ने पुरानी आबादी यूपीएचसी में आदित्य की जागरुकता फोटो लगाते हुए व्यक्त किए। उन्हाेंने अादित्य के परिजनाें काे सम्मानित किया।
इस दौरान अंगदानी आदित्य के पिता पूर्णराम नैण, माता संतोषदेवी, चाचा अनिल नैण, चाची रोमिका देवी, सीएमएचओ डॉ. गिरधारी मेहरड़ा, आरसीएचओ डॉ. एचएस बराड़, केंद्र प्रभारी डॉ. राजन गोकलानी, सीओआईईसी विनोद बिश्नाेई, लाधुवाला पीएचसी प्रभारी डॉ. एनपी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर नकाते ने कहा कि आदित्य हमारी भावनाओं में जिंदा है और वह अमर हो चुका है। उन्होंने कहा कि जिला स्वास्थ्य समिति की आगामी बैठक में आदित्य को याद किया जाएगा और पूरी टीम से आह्वान किया जाएगा कि वे अंगदान मुहिम को आगे बढ़ाएं। सीएमएचओ डॉ. मेहरड़ा ने बताया कि अंगदान की मिसाल बन चुके आदित्य की जागरुकता फोटो चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरानी आबादी यूपीएचसी, जिला अस्पताल, लाधुवाला पीएचसी एवं सीएमएचओ ऑफिस में लगाई गई है। इसके साथ ही अंगदान मुहिम की प्रचार-प्रसार सामग्री में आदित्य के योगदान को भविष्य में भी उल्लेख किया जाएगा। बुधवार को ही जिला अस्पताल में पीएमओ डॉ. एसके कामरा आदित्य के परिजनों से मिले एवं उनके द्वारा लिए गए निर्णय को प्रेरणादायी बताया। इस दौरान आदित्य की जागरुकता फोटो भी जिला अस्पताल में लगाई गई। उल्लेखनीय है कि लाधुवाला गांव निवासी 17 वर्षीय अादित्य का बीकानेर में सड़क हादसे में ब्रेन डेड हाे गया था। तब उसके परिजनाें ने जयपुर एसएमएस में अादित्य का दिल, किडनी अाैर लीवर दान कर तीन जिंदगियां बचाई थीं। चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने इस परिवार के निर्णय अाैर सफल अाॅपरेशन करने वाली एसएमएस की चिकित्सकीय टीम का अाभार जताया था।