- Hindi News
- National
- Sriganganagar News Rajasthan News Allocation Of Liquor Shops 302 Applicants Out Of 3382 Were Successful
शराब की दुकानों का आवंटन, 3382 में से 302 आवेदक रहे सफल
देसी शराब के 61 समूह खाली, 28 समूहों के लिए नहीं आया कोई आवेदन
श्रीगंगानगर| जिले में वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान शराब की दुकानों का आवंटन करने के लिए लॉटरी की प्रक्रिया गुरुवार को सुखाड़िया सर्किल स्थित कंगन पैलेस में हुई। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में देसी व अंग्रेजी शराब की दुकानों के आवेदकों की लॉटरी निकाल कर दुकानों का आवंटन किया गया। सुबह शुरू हुई आवंटन लॉटरी की प्रक्रिया रात 8:00 बजे तक चली। अंग्रेजी की 41 दुकानों व देसी शराब के 261 समूहों के लिए 3382 लोगों ने आवेदन किया था। दोनों श्रेणियों में दुकानों के लिए 302 लोगों का चयन लॉटरी प्रक्रिया से किया गया। हालांकि अभी तक जिले में देसी शराब के 61 समूह खाली पड़े हैं। लॉटरी प्रक्रिया जिला कलेक्टर शिवप्रकाश मदन नकाते, जिला आबकारी अधिकारी प्रतिष्ठा पिलानिया और एडिशनल एसपी सहीराम की मौजूदगी में पूरी की गई।
जिले में फिलहाल देसी शराब के 61 समूह खाली पड़े हैं। इसमें से 28 समूहों के लिए कोई आवेदन नहीं आया, वहीं 33 ऐसे समूह हैं जिसमें शराब की दुकानों के लिए लोगों ने आवेदन तो किए लेकिन फीस जमा नहीं करवाई। इससे इन आवेदनों पर विचार नहीं किया गया। जिला आबकारी अधिकारी प्रतिष्ठा पिलानिया के अनुसार इन समूहों की दुकानों का आवंटन राज्य सरकार की गाइड लाइन के आधार पर किया जाएगा। गाइड लाइन अगले दिनों में जारी होने की संभावना है।
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान हर दुकान व समूह में एक-एक सफल आवंटी के अलावा दो-दो रिजर्व अावंटियों का चयन भी किया गया। अगर सफल आवंटी फीस जमा नहीं करवाएगा तो पहले नंबर के रिजर्व आवंटी को फीस जमा करवा दुकान संचालन करने का मौका मिलेगा। सफल आवंटी और पहले नंबर के आवंटी द्वारा फीस जमा न करवाने पर दूसरे नंबर के आवंटी को मौका मिलेगा। जिला आबकारी अधिकारी पिलानिया के अनुसार अब अंग्रेजी शराब की दुकान के सफल रहे आवंटियों को लाइसेंस फीस की 40 प्रतिशत राशि तीन दिन और 60 प्रतिशत राशि 10 दिन में जमा करवानी होगी। देसी शराब के आवंटियों को 2 प्रतिशत सिक्यूरिटी फीस 3 दिन में और 2 प्रतिशत फीस 10 दिन में और ईपीए की 14.5 प्रतिशत एडवांस राशि 31 मार्च तक जमा करवानी होगी।
कंगन पैलेस के हाल में लॉटरी से दुकानों का आवंटन हुआ। हाल के बाहर पार्क में स्क्रीन लगाकर भी लाॅटरी में पर्चियां ड्रम में डालने सहित अन्य प्रक्रिया को दिखाया गया। लाॅटरी के दौरान कंगन पैलेस में आवेदकों की भीड़ लगी रही। सबसे पहले अंग्रेजी शराब की दुकानों की लाॅटरी निकाली गई। इसी दौरान सफल आवंटी खुश हुए तो लॉटरी में नंबर न लगने वाले मायूस होकर लौटने लगे।