- Hindi News
- National
- Sriganganagar News Rajasthan News Be Alert To The Corona Take These 8 Precautions For Two Days Apply Dry Colors Wash Hands Then Play Holi
कोरोना से सतर्क रहें; दो दिन ये 8 सावधानियां बरतें सूखे रंग लगाएं, हाथ धोते रहें...फिर खूब खेलिए होली
कोरोना का पहला संदिग्ध रोगी जिला अस्पताल में बनाए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। इटली से लौटी शहर की विनोबा मार्केट की युवती को डाॅक्टराें ने स्वास्थ्य जांच करते हुए संदिग्ध मानते हुए भर्ती किया है। इटली के मिलान शहर से लौटने के 10 दिन बाद इस 24 वर्षीय युवती का शनिवार को ठंडे पानी से नहाने के बाद नाक बहने लगा था।
इटली के कुछ लोगाें में कोरोना वायरस का संक्रमण होने की वजह से परिजन एहतियात के ताैर पर युवती को रविवार सुबह जिला अस्पताल लेकर आए थे। पीएमओ डॉ. केएस कामरा के अनुसार संिदग्ध मरीज के गले और नाक से स्वाब का सैंपल लिया गया है, जिसे जांच के लिए एसएमएस मेडिकल काॅलेज के माइक्रो बॉयोलाजी विभाग की लैब को भेजा गया है। जिला अस्पताल की लैब के एक कर्मचारी को सैंपल लेकर भेजा गया है।
डॉक्टर्स के अनुसार युवती इटली में पढ़ाई कर रही है। वह 27 फरवरी को इटली से लौटी है। शनिवार को ठंडे पानी से नहाने के बाद युवती का नाक बहने लगा और उसे हल्का जुकाम हो गया। हालांकि युवती की हालत ठीक है। उसे न तो बुखार है और न ही उसका गला खराब है। उसका खानपान भी सामान्य है। स्वास्थ्य विभाग की गाइड लाइन है कि इटली, चीन सहित कोरोना वायरस से प्रभावित अन्य देशों से लौटने वाले लोगों की एहतियात के तौर पर स्क्रीनिंग की जाए। इसी वजह से युवती काे आइसाेलेशन के लिए जिला अस्पताल में रखा गया है ताकि उसके लक्षणों का ऑब्जर्वेशन किया जा सके। कोरोना प्रभावित वार्ड के नोडल व फिजीशियन डॉ. प्रेम अरोड़ा के अनुसार संदिग्ध मरीज की एक एक घंटे बाद जांच कर उसके लक्षणों को देखा जा रहा है।
कैमिकल के रंगों से दूर रहें, बुखार, जुकाम व गले में खराश वाले व्यक्ति भीड़ में न जाएं
कोरोना से घबराएं नहीं
1. संक्रमित व्यक्ति भीड़ से दूर रहें: सांस लेने में तकलीफ, बुखार, जुकाम, गले में खराश के संक्रमण से पीड़ित व्यक्ति हाेली मनाने वालों की भीड़ से दूर रहें। कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से आए लाेग भीड़ से दूर रहें।
2. भूख व नशे से परहेज: होली मनाने से पूर्व भूखे पेट न रहें। न ही नशा करें। इससे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। इससे संक्रमित व्यक्ति की चपेट में आने से वायरस के अटैक की आशंका ज्यादा रहती है।
3. पर्याप्त पानी पीएं: पानी पर्याप्त मात्रा में पीना चाहिए। इससे बॉडी टॉक्सिन पेशाब के माध्यम से बाहर निकलते रहते हैं। शरीर में पानी का स्तर बना रहता है। इससे शरीर में वायरस से लड़ने की प्रतिरोधकता विकसित होती है।
4. सूखे व कुदरती रंग लगाएं:तरल रंगों से इन्फेक्शन फैलने की आशंका ज्यादा रहती है। कुदरती रंगों का ही ज्यादा इस्तेमाल करना चाहिए। थोड़े लोगों के समूह में खेलें।
5. कैमिकल रंगों से परहेज:जिन रंगों को बनाने में कैमिकल का उपयोग होता है उनका उपयोग नहीं करना चाहिए। चमड़ी रोग होने की आशंका रहती है।
6. सफाई: स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। हाथों को बार-बार साबुन से धोएं। साबुन के विकल्प के तौर पर सैनेटाइजर का उपयोग भी किया जा सकता है।
7. चिकनाई लगाएं: होली खेलने से पहले शरीर पर सरसों का तेल या फिर क्रीम लगा लें। इस चिकनाई की परत चमड़ी के रंगों के दुष्प्रभाव से बचाव करने में मददगार साबित होगी।
8. तुरंत नहा लें: हाेली का मनाने के बाद शरीर पर लगे रंग काे तुरंत हटाना जरूरी हाेता है। हाेली मनाते ही पर्याप्त पानी से शरीर पर अच्छी तरह से साबुन लगाकर नहाना चाहिए।
लोग कोरोना वायरस के संक्रमण के संशय के दौर से गुजर रहे हैं। होली के दौरान कुछ सावधानियां अपना कर कोरोना और चमड़ी की तकलीफों से बचाव कर अाप अपनी होली हैप्पी कर सकते हैं। सेहत का ध्यान रखते हुए सुखद और खुशियों की होली मनाई जा सकती है। बस आपको जरूरत है 8 सावधानियां अपनाने की। होली के दौरान अपनाई जाने वाली सेहत की दृष्टि से उपयोगी सावधानियों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। जिला प्रशासन ने भी एडवाइजरी जारी कर 9 व 10 मार्च को होली उत्सव के दौरान ऐसे आयोजनों से परहेज करने को कहा जिसमें ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना हो। कोरोना के संक्रमण से प्रभावित देशों के लोगों की शहर में गतिविधियां भी सीमित रखने को कहा है। धुलंडी के दौरान होली का रंग खलने के दौरान सावधानियां अपना कर सेहतमंद रहा जा सकता है। सेहत की दृष्टि से सुरक्षित होली मनाई जा सकती है।