परीक्षार्थियों ने बताया प्रश्न पत्र को सरल
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10 व 8वीं की परीक्षाएं गुरुवार को शुरू हुई। पहले दिन अंग्रेजी विषय का पेपर था। 10वीं की परीक्षा सुबह साढ़े 8 से 11.45 व 8वीं की दाेपहर 2 से 4.30 बजे तक हुई। केंद्र पर परीक्षा देने से पहले निजी स्कूलों में शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मुंह मीठा करवाया, तो विद्यार्थियों ने गुरुजनों का आशीर्वाद लिया। सरकारी बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल के केंद्राधीक्षक प्रकाशचंद्र ने बताया कि पहले दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत रही। परीक्षा के दौरान निगरानी के लिए फ्लाइंग दस्ते नियुक्त किए गए। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी गई। सरकारी श्रद्धानंद आर्य उच्च माध्यमिक स्कूल के केंद्राधीक्षक मित्रपाल सिंह ने बताया कि परीक्षा की गंभीरता को लेकर पूरी सावधानी बरती जा रही है। परीक्षा के दौरान वीक्षकों के मोबाइल इस्तेमाल पर रोक है। स्कूल के आसपास की फोटो काॅपी दुकानों को परीक्षा समय में बंद रखा गया। परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर आसान था। अधिकांश प्रश्न तैयारी के हिसाब से आए थे। इससे उन्हें पेपर में अच्छे अंक आने की उम्मीद है।