- Hindi News
- National
- Sriganganagar News Rajasthan News Health Department Is Teaching People Cleaning Not Only Soap To Wash Their Own Toilets
स्वास्थ्य विभाग लोगों को सफाई का पढ़ा रहा पाठ, खुद के शौचालयों में हाथ धोने को साबुन ही नहीं
एक तरफ स्वास्थ्य विभाग काेरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को बार-बार हाथ धोने के लिए जागरूक कर रहा है। वहीं, जिला अस्पताल और सीएमएचओ कार्यालय के ज्यादातर मूत्रालयाें व शौचालयों में सेनेटाइजर होना तो दूर की बात हाथ धोने के लिए साबुन तक नहीं है। जिला अस्पताल की ओपीडी और आईपीडी में मरीजों व उनके परिचितों सहित रोजाना औसतन 2500 से ज्यादा लोग आते हैं। इसमें डेढ़ हजार से ज्यादा लोग शौचालयों व मूत्रालयाें का उपयोग करते हैं। शुक्रवार को दैनिक भास्कर की ओर से रियलटी चेकिंग के दौरान ये देखने का मिला। काेरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग लोगों को सलाह दे रहा है कि साबुन या फिर सेनेटाइजर से हाथ साफ करने से वायरस जल्द मर जाता है। लक्षणों से प्रभावित व्यक्तियों से हाथ न मिलाया जाए। हाथ मिलाने की स्थिति में साबुन या फिर सेनेटाइजर को 20 मिनट तक लगाकर रखने के बाद पानी से हाथों को धोया जाए।
शुक्रवार को कोरोना वायरस से प्रभावित मरीजों के लिए जिला अस्पताल में बनाए आइसोलेशन वार्ड के मूत्रालय के वॉश बेसिन पर साबुन और सेनेटाइजर रखा हुआ था। लेकिन जिला अस्पताल के अन्य वार्डों और कॉमन शौचालयों व मूत्रालयाें में साबुन तक नहीं था। कुछ जगह मूत्रालयाें के बाहर लगे वॉश बेसिनों पर अच्छी तरह हाथ धोने के छह स्टेप को बताते फ्लेक्स लगे हुए हैं। ऐसे ही हालत सीएमएचओ कार्यालय के शौचालयों के थे। वहां भी हाथ धोने के लिए साबुन तक उपलब्ध नहीं है। जिला अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल के 100 से ज्यादा शौचालयों व मूत्रालयाें की सफाई के लिए 46 हजार रुपए प्रति सप्ताह के हिसाब से ठेका दिया हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के आईईसी अनुभाग की ओर जागरुकता के लिए कलेक्ट्रेट सहित अन्य जगह फ्लेक्स लगाए हुए हैं। इसमें कोरोना से बचाव के लिए बताए गए 9 टिप्सों में पहला टिप्स नियमित तौर पर साबुन और पानी से पानी धोना और सात नंबर टिप्स में शौचालय के इस्तेमाल के बाद हाथ धोना जरूरी बताया गया है।
जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. केएस कामरा के अनुसार जिस बाथरूम या शौचालय के वॉश बेसिन में साबुन नहीं है, वहां रखवा दिया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा के अनुसार उन्होंने शौचालयों व मूत्रालयाें में साबुन रखने के निर्देश पहले से ही जारी किए हुए हैं।
शहर में विभिन्न जगह किया जागरूक, आमजन टोल फ्री नंबर 104 या स्टेट कंट्रोल रूम नंबर 0141-2225624 पर कर सकते हैं संपर्क
शहर में अागामी दिनों में नगरपरिषद के कचरा संग्रहण वाहनों के जरिए भी कोरोना के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि जागरुकता से ही कोरोना से बचाव संभव है इसलिए इस मुहिम को सकारात्मक रूप से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग का साथ दें। साथ ही अनावश्यक रूप से पैनिक होने या घबराने की जरूरत नहीं है। सीएमएचओ डॉ. गिरधारी मेहरड़ा ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस के बचाव व नियंत्रण को लेकर जागरूक किया जा रहा है। डाॅ. मेहरड़ा के अनुसार शुक्रवार को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सुखाड़िया सर्किल, चहल चौक, सीजीआर मॉल, बालाजी धाम, शिव मंदिर, डाकघर, जिला न्यायालय, कलेक्ट्रेट, जिला परिषद, नगरपरिषद, चहल चौक, मीरा चौक पुलिस चौकी, सदर थाना, यातायात थाना, केंद्रीय कारागृह, कोतवाली, अंधविद्यालय, परिवहन विभाग, इंदिरा वाटिका, ब्लड बैंक, पुरानी आबादी राजकीय स्कूल, रोजगार कार्यालय, बीएसएनएल ऑफिस, सीएमएचओ, जिला अस्पताल सहित सभी शहरी पीएचसी आदि पर जागरुकता सामग्री प्रदर्शित की गई है। वहीं, जिला स्वास्थ्य भवन में डाॅक्टराें को कोरोना वायरस को लेकर प्रशिक्षित किया गया। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. करन आर्य ने प्रशिक्षण देते हुए बताया कि कोरोना वायरस को लेकर आमजन की शंकाओं को दूर करें, उन्हें एहतियात बरतने के लिए जागरूक करें, सर्दी, खांसी व जुकाम वाले मरीजों की गंभीरता से जांच करें एवं संदिग्ध मरीज आने पर तुंरत रिपोर्ट करें।
स्वास्थ्य विभाग 14 से 16 मार्च तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आशा सहयोगिनियों, एलएचवी, एएनएम व सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देगा। इसमें लोगों को कोरोना से बचाव करने के टिप्स बताए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार किसी को बुखार, खांसी, फ्लू और सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत डाॅक्टर से संपर्क करना चाहिए। आमजन टोल फ्री नंबर 104 या स्टेट कंट्रोल रूम नंबर 0141-2225624 पर संपर्क कर सकते हैं।
_photocaption_जिला अस्पताल के शौचालय के बाहर वॉश बेसिन, जिसके आसपास सफाई नहीं है और न ही साबुन है*photocaption*