- Hindi News
- National
- Sriganganagar News Rajasthan News Jaggery Gram Should Be Eaten To Overcome Anemia Collector
खून की कमी दूर करने के लिए गुड़, चना खाना चाहिए: कलेक्टर
जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं को दिए जा रहे गुड़-चना एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेेने के लिए बुधवार को विधायक राजकुमार गौड़ एवं कलेक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते ने पुरानी आबादी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर अवलोकन किया। विधायक एवं कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं से गुड़-चना वितरण एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर व विधायक ने गुड़-चना का पोषण में महत्व बताते हुए घर पर भी नियमित रूप से गुड़, चना व हरी सब्जियां खाने के लिए कहा। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. गिरधारी मेहरड़ा, आरसीएचओ डॉ. एचएस बराड़, यूपीएचसी प्रभारी डॉ. राजन गोकलानी, सीओआईईसी विनोद बिश्नाेई, पीएचएम इमीलाल आदि मौजूद रहे।
विधायक राजकुमार गौड़ ने गुड़ चना नवाचार को बेहतर बताते हुए कहा कि इससे गर्भवती महिलाओं के साथ ही पल रहे बच्चे को भी पौष्टिक आहार मिल रहा है।
गर्भवती महिलाओं से मुखातिब होते हुए कलेक्टर नकाते ने कहा कि खून की कमी दूर करने के लिए किशोरी बालिकाओं एवं गर्भवती महिलाओं को अति आवश्यक रूप से गुड़, चना व हरी सब्जियां खानी चाहिए। दवाओं के मुकाबले देसी आहार सर्वश्रेष्ठ हैं और यदि महिलाएं नियमित रूप से ये आहार लेती हैं तो दवाओं की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से जानकारी लेते हुए उनसे गुड़-चना के फायदे, स्वास्थ्य केंद्र पर नियमित रूप से गुड़-चना दिए जाने एवं घर पर भी नियमित आहार में गुड़-चना शामिल करने आदि संबंधी सवाल किए। महिलाओं ने उनके सवालों के जवाब बखूबी दिए और कहा कि उन्हें नियमित रूप से गुड़-चना मिल रहा है एवं इन्हें लेकर पहले से जागरूक भी हुई हैं। कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाएं स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर हक से गुड़ चना मांगें एवं यही आदत घर पर अपनाएं। सीएमएचओ डॉ. मेहरड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत हर माह की नौ तारीख को स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं को गुड़ चना व उनके साथ आने वाले बच्चों को बिस्किट दिए जा रहे हैं। यह नवाचार कलेक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते की ओर से किया गया है। अगस्त 2019 से जिले में यह अभियान लगातार चल रहा है। इस माह नौ व 10 तारीख को अवकाश होने पर 11 मार्च को जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी, पीएचसी व यूपीएचसी पर पीएमएसएमए मनाया गया। स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह नौ बजे से तीन बजे तक महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई।